केरल में 1 जून को पहुंचेगा मानसून, यूपी में इस तारीख को देगी दस्तक

लखनऊ। देशभर में बढ़ती गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच मानसून को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय के आसपास भारत पहुंच सकता है। इसके संकेत हिंद महासागर और दक्षिणी गोलार्ध में तेजी से बदल रहे मौसमीय हालात से मिलने लगे हैं। अनुमान है कि मानसून 1 जून के आसपास केरल में दस्तक देगा, जबकि उत्तर प्रदेश में इसकी एंट्री 18 से 20 जून के बीच हो सकती है।

ऑस्ट्रेलिया में मौसम बदलाव से मजबूत हुए संकेत

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तरी ऑस्ट्रेलिया में बारिश का मौसम अब खत्म होने की ओर है। वहां शुष्क मौसम मजबूत होने लगा है, जिसका असर हिंद-प्रशांत क्षेत्र की हवाओं और बादलों की दिशा पर दिखाई दे रहा है। जैसे-जैसे दक्षिणी गोलार्ध में मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ती हैं, वैसे-वैसे उत्तरी गोलार्ध में मानसून सक्रिय होने लगता है। इसी बदलाव को भारत में मानसून आगमन का अहम संकेत माना जाता है। मौसम विभाग का मानना है कि इस बार मानसून सामान्य समय पर आगे बढ़ सकता है।

भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा मानसून

मानसून को नियंत्रित करने वाला इंटर ट्रॉपिकल कन्वर्जेंस ज़ोन (ITCZ) अब धीरे-धीरे उत्तर की ओर खिसक चुका है। यह क्षेत्र फिलहाल मालदीव, दक्षिणी श्रीलंका और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह तक सक्रिय हो चुका है। यही वह मार्ग है जिससे होकर दक्षिण-पश्चिम मानसून भारत में प्रवेश करता है। विशेषज्ञों के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में नमी बढ़ने के साथ मानसून की रफ्तार और तेज हो सकती है। इससे केरल में समय पर बारिश शुरू होने की संभावना मजबूत मानी जा रही है।

यूपी में कब पहुंचेगा मानसून

उत्तर प्रदेश के लोगों को भी जल्द गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्वी यूपी में मानसून की पहली बारिश 18 से 20 जून के बीच शुरू हो सकती है। गोरखपुर, बलिया, देवरिया और आसपास के जिलों में सबसे पहले मानसून पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद मानसून धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में फैल जाएगा और 25 जून तक अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश शुरू हो सकती है। पश्चिमी यूपी में मानसून कुछ दिनों की देरी से पहुंचेगा।

0 comments:

Post a Comment