सरकार बनेगी गारंटर, बैंक देंगे राशि
इस नई व्यवस्था की सबसे अहम बात यह है कि सरकार खुद किसी को ऋण नहीं देगी। अग्रिम राशि देने का काम बैंक और वित्तीय संस्थान करेंगे, जबकि बिहार सरकार केवल गारंटर की भूमिका निभाएगी। इससे कर्मचारियों को कम औपचारिकताओं में राशि मिलने की उम्मीद है। वित्त विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस योजना से सरकार पर किसी तरह का अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा। पूरी व्यवस्था 'शून्य लागत और शून्य दायित्व' मॉडल पर आधारित होगी।
दो तरह की होगी अग्रिम सुविधा
सरकार ने इस योजना को दो हिस्सों में बांटा है, अल्पावधि अग्रिम और दीर्घावधि अग्रिम।
1. अल्पावधि अग्रिम: इस श्रेणी के तहत कर्मचारी या पेंशनभोगी अधिकतम 60 दिनों के लिए अग्रिम राशि ले सकेंगे। खास बात यह है कि यदि ली गई राशि उसी महीने या अगले महीने के वेतन अथवा पेंशन से वापस कर दी जाती है, तो किसी प्रकार का ब्याज नहीं देना होगा। इस सुविधा में अधिकतम एक महीने के वेतन या पेंशन के बराबर राशि मिल सकेगी। अचानक आने वाले खर्च, इलाज, पारिवारिक जरूरत या आपात स्थिति में यह व्यवस्था काफी मददगार साबित हो सकती है।
2. दीर्घावधि अग्रिम: दीर्घावधि व्यवस्था के तहत कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को लंबी अवधि के लिए अग्रिम राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसकी अवधि दो माह से लेकर 60 माह तक तय की गई है। इस श्रेणी में व्यक्ति अपने मासिक वेतन या पेंशन के 30 गुना तक अग्रिम प्राप्त कर सकेगा। हालांकि सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि मासिक किस्त वेतन या पेंशन के 50 प्रतिशत से अधिक न हो, ताकि कर्मचारियों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव न पड़े।
पूरी प्रक्रिया होगी ऑनलाइन
वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित होगी। आवेदन से लेकर मंजूरी और भुगतान तक सभी कार्य ऑनलाइन किए जाएंगे। बैंक और वित्तीय संस्थान ब्याज दर, शुल्क और अन्य शर्तों की पूरी जानकारी पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराएंगे। इस व्यवस्था के संचालन और निगरानी की जिम्मेदारी वित्त विभाग के पास रहेगी। सरकार का मानना है कि डिजिटल प्रक्रिया से पारदर्शिता बढ़ेगी और कर्मचारियों को तेज़ी से सुविधा मिल सकेगी।
कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को मिलेगा बड़ा लाभ
यह व्यवस्था सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए काफी राहत देने वाली साबित हो सकती है। कई बार अचानक आर्थिक जरूरत पड़ने पर लोगों को ऊंचे ब्याज पर निजी कर्ज लेना पड़ता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें सुरक्षित और आसान विकल्प मिल सकेगा। सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों की वित्तीय सुरक्षा बढ़ाना और जरूरत के समय उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है। आने वाले दिनों में बैंक और वित्तीय संस्थानों की सूची जारी होने के बाद यह योजना पूरी तरह लागू कर दी जाएगी।
.png)
0 comments:
Post a Comment