CM सम्राट के 3 बड़े फैसले, बिहारवासियों के लिए आई बड़ी खुशखबरी

पटना। बिहार में नई सरकार बनने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अब आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार की ओर से 'सबका सम्मान, जीवन आसान' अभियान के तहत कई नई सुविधाएं शुरू की जा रही हैं, जिससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे और शिकायतों का निपटारा तय समय में हो सकेगा।

1. ‘सहयोग पोर्टल’ की शुरुआत

राज्य सरकार अब लोगों की शिकायतों को ऑनलाइन दर्ज करने के लिए 'सहयोग पोर्टल' शुरू करने जा रही है। इस पोर्टल के माध्यम से बिहार का कोई भी नागरिक घर बैठे अपनी समस्या सरकार तक पहुंचा सकेगा। लोग sahyog.bihar.gov.in पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे। सरकार का दावा है कि इससे शिकायतों की निगरानी और समाधान की प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान और पारदर्शी बनेगी।

2. हेल्पलाइन नंबर 1100 होगा शुरू

सरकार की दूसरी बड़ी पहल के तहत 'सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100' लॉन्च किया जाएगा। यह हेल्पलाइन सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक सक्रिय रहेगी। जो लोग ऑनलाइन शिकायत दर्ज नहीं कर पाएंगे, वे सीधे हेल्पलाइन पर कॉल करके अपनी समस्या बता सकेंगे। इससे ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

3. हर महीने लगेगा ‘सहयोग शिविर’

सरकार ने लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के लिए 'सहयोग शिविर' लगाने का भी फैसला लिया है। हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को यह शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में अधिकारी सीधे जनता की शिकायत सुनेंगे और तत्काल समाधान का प्रयास करेंगे। साथ ही सरकार ने यह भी तय किया है कि दर्ज शिकायतों का निपटारा 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा। समस्या के समाधान के बाद संबंधित व्यक्ति को लिखित जानकारी भी दी जाएगी।

एक्शन मोड में दिख रहे CM सम्राट चौधरी

मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी लगातार प्रशासनिक सुधार और जनसुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं। सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था से लोगों को पारदर्शी और जवाबदेह शासन का लाभ मिलेगा। बताया जा रहा है कि यह पहल पहले से लागू 'सात निश्चय-3' कार्यक्रम के तहत शुरू की गई है, जिसमें 'सबका सम्मान, जीवन आसान' को प्रमुख लक्ष्य बनाया गया है।

0 comments:

Post a Comment