यूपी में 53 सड़कों की होगी मरम्मत, 22 करोड़ रुपये जारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने नए वित्तीय वर्ष में सड़क मरम्मत और निर्माण कार्यों को गति देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। शासन की ओर से बरेली मंडल की 53 सड़कों के सुधार और विशेष मरम्मत कार्यों के लिए 22.41 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) को निर्देश दिए गए हैं कि बारिश शुरू होने से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे करा लिए जाएं, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

दरअसल, इन दिनों विभाग को कोलतार की कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिसकी वजह से कई जगह निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके बावजूद सरकार ने विभिन्न जिलों की खराब सड़कों को प्राथमिकता देते हुए बजट आवंटित किया है।

बरेली जिले में कई प्रमुख मार्गों का होगा सुधार

बरेली जिले की कई महत्वपूर्ण सड़कों के लिए धनराशि जारी की गई है। अलीगंज-सिरौली से अनिरुद्धपुर होकर हाफिजगंज मार्ग के सुधार कार्य के लिए लाखों रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा भमौरा-आंवला मार्ग से सैंधा दिलीपपुर मार्ग, 

एनएच-530 से पैगानगरी गोरालोकनाथपुर बसंतपुर होते हुए गुलड़िया मार्ग और देवचरा प्रेमपुर-सहसा मार्ग पर सीसी सड़क व नाला निर्माण का काम भी कराया जाएगा। रम्पुरा-अलीगंज-सिरौली मार्ग और फरीदपुर-बीसलपुर मार्ग की मरम्मत के लिए भी विशेष बजट जारी किया गया है। इन परियोजनाओं से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में यातायात बेहतर होने की उम्मीद है।

पीलीभीत में संपर्क मार्गों को मिलेगी मजबूती

पीलीभीत जिले में भी कई संपर्क मार्गों और पुलिया निर्माण कार्यों के लिए बड़ी धनराशि स्वीकृत हुई है। माधोटांडा-कलीनगर-शाहगढ़-आसाम मार्ग पर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट और पहुंच मार्ग निर्माण के लिए लगभग 1.80 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

इसके अलावा महादेव माती-सतीपुर संपर्क मार्ग, चका संपर्क मार्ग, आसपुर-जगदीशपुर मार्ग, कटैया पंडरी संपर्क मार्ग और नकटपुरा माइनर नहर संपर्क मार्ग की मरम्मत भी कराई जाएगी। कई गांवों को जोड़ने वाले इन मार्गों के सुधरने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी।

शाहजहांपुर और बदायूं में भी सड़कें होंगी दुरुस्त

शाहजहांपुर जिले में बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता दी गई है। शहबाजनगर-रज्जबनगर संपर्क मार्ग समेत कई सड़कों के लिए बजट जारी किया गया है। वहीं विक्रमपुर से कुदिरना नहर पटरी मार्ग की मरम्मत भी कराई जाएगी।

बदायूं जिले में बसपुर फिरोजपुर-फत्तनपुर टप्पा हवेली मार्ग, कछला चौसिंगा पलिया ननाखेड़ा मार्ग और उझानी पटपरागंज भूड़ा भदरौल ककोड़ा मार्ग की विशेष मरम्मत के लिए धनराशि स्वीकृत हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर हो चुकी सड़कों को दुरुस्त करने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की संभावना है।

0 comments:

Post a Comment