मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और तूफान का असर बना रह सकता है। खासकर उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और राजस्थान समेत 13 राज्यों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पूर्वी भारत में ज्यादा देखने को मिल सकता है असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। वहीं पूर्वी राजस्थान के ऊपर भी चक्रवाती गतिविधियां सक्रिय हैं। इसी वजह से कई राज्यों में तेज आंधी, मेघ गर्जन और भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है क्योंकि तेज हवाओं और बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
यूपी में कई जिलों में बारिश और तूफान का अलर्ट
यूपी के कई जिलों में बारिश और तेज आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अलीगढ़, मेरठ, नोएडा, सहारनपुर, बिजनौर, गोंडा और महाराजगंज समेत कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
बिहार में भी मौसम खराब रहने की संभावना
बिहार के कई जिलों में 10 से 15 मई तक बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। पटना, गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज सहित कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।
उत्तराखंड और हिमाचल में चेतावनी
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, शिमला, कुल्लू और चंबा जैसे क्षेत्रों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पंजाब और राजस्थान में भी अलर्ट
पंजाब के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं राजस्थान में कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। हालांकि पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों में आने वाले दिनों में लू चलने की संभावना भी जताई गई है।

0 comments:
Post a Comment