छूटे गांवों के लिए फिर शुरू होगा सर्वे
योजना के तहत पहले जिन मार्गों का चयन किया गया था, उनकी समीक्षा के दौरान कई ऐसी सड़कों को सूची में शामिल पाए जाने की जानकारी सामने आई, जहां पहले से रोडवेज बसों का संचालन हो रहा था। इसके बाद शासन स्तर पर मामले को गंभीरता से लेते हुए दोबारा सर्वे कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि ग्राम पंचायतों की सूची का मिलान कर नए मार्ग तय किए जाएं, ताकि कोई भी गांव योजना से वंचित न रहे।
ग्रामीणों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
नई योजना के तहत ऐसे मार्गों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां सार्वजनिक परिवहन बेहद सीमित है। सरकार का उद्देश्य गांवों को सीधे तहसील, ब्लॉक और जिला मुख्यालय से जोड़ना है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बाजार, अस्पताल, स्कूल-कॉलेज और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी। खासकर छात्रों, मरीजों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को इसका बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
एक वाहन पर ही होगा आवेदन
मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत वाहन स्वामियों के लिए भी नए निर्देश जारी किए गए हैं। योजना के तहत अब एक व्यक्ति केवल एक बस के लिए ही आवेदन कर सकेगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे योजना का लाभ अधिक लोगों तक पहुंच सकेगा और परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहेगी।
गांवों की बदल सकती है तस्वीर
सरकार का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर परिवहन सुविधा मिलने से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी। इससे गांवों की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। यदि योजना प्रभावी तरीके से लागू होती है तो यह ग्रामीण उत्तर प्रदेश में आवागमन की तस्वीर बदल सकती है और लाखों लोगों को सीधा फायदा मिल सकता है।

0 comments:
Post a Comment