ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बताया कि 15 मई से 30 जून तक अधिशासी अभियंता और उपखंड अधिकारी कार्यालयों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में उपभोक्ताओं की बिजली बिल, स्मार्ट मीटर, रीडिंग और कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।
1912 हेल्पलाइन पर भी मिलेगी मदद
सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 1912 हेल्पलाइन को भी और मजबूत बनाने का फैसला लिया है। उपभोक्ता फोन के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे और बिजली बिल से संबंधित जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसके अलावा अलग-अलग डिस्कॉम क्षेत्रों के लिए व्हाट्सएप नंबर भी जारी किए गए हैं, जहां उपभोक्ता अपना कनेक्शन नंबर भेजकर बिजली बिल प्राप्त कर सकते हैं।
क्षेत्रवार व्हाट्सएप नंबर
पूर्वांचल : 8010968292
मध्यांचल : 7669003409
पश्चिमांचल : 7859804803
दक्षिणांचल : 8010957826
केस्को कानपुर : 8287835233
स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था खत्म
प्रदेश सरकार ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए इसे समाप्त करने की घोषणा की है। तकनीकी दिक्कतों और उपभोक्ताओं की शिकायतों को देखते हुए अब सभी स्मार्ट मीटर पोस्टपेड मोड में संचालित किए जाएंगे। सरकार के निर्देश के बाद अब तक लगाए गए 83 लाख से अधिक स्मार्ट प्रीपेड मीटर को भी पोस्टपेड मोड में बदला जाएगा। वहीं अब नए बिजली कनेक्शन भी केवल स्मार्ट पोस्टपेड मीटर के जरिए ही दिए जाएंगे।
अब हर महीने मिलेगा नियमित बिल
नई व्यवस्था के तहत मई महीने में उपयोग की गई बिजली का बिल उपभोक्ताओं को 10 जून तक एसएमएस या व्हाट्सएप के माध्यम से भेज दिया जाएगा। बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को 15 दिन का समय मिलेगा। यदि तय समय में बिल जमा नहीं किया गया तो अगले सात दिनों के भीतर बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा सकती है। बिजली विभाग ने यह भी साफ किया है कि यदि ऑटोमैटिक रीडिंग उपलब्ध नहीं होती है, तो मैनुअल रीडिंग के आधार पर बिल जारी किया जाएगा।
बकाया बिल जमा करने के लिए किस्तों की सुविधा
सरकार ने पुराने बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं को भी राहत दी है। घरेलू उपभोक्ता 30 अप्रैल तक के बकाए बिल को 10 किस्तों में जमा कर सकेंगे, जबकि अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं को तीन किस्तों में भुगतान की सुविधा मिलेगी। ऊर्जा विभाग का कहना है कि नई व्यवस्था का उद्देश्य उपभोक्ताओं की परेशानी कम करना और बिजली सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं आसान बनाना है।

0 comments:
Post a Comment