50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में तेज हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही धूल भरी आंधी और अचानक मौसम में बदलाव की संभावना भी जताई गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, क्योंकि तेज हवाओं के साथ जोखिम बढ़ सकता है।
इन जिलों में रहेगा सबसे ज्यादा असर
पूर्वांचल और आसपास के जिलों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं। प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज और संत कबीर नगर। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
किसानों और आम लोगों को चेतावनी
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। खेतों में काम करते समय मौसम को ध्यान में रखने और सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले खेतों में काम करने से बचने को कहा गया है।
गर्मी से मिल सकती है बड़ी राहत
पिछले कई दिनों से उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा था, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

0 comments:
Post a Comment