यूपी में बिजली उपभोक्ताओं के लिए 5 बड़ी खबर, जानें पूरी डिटेल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं। ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे और बिजली बिल व्यवस्था में भी बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सरकार ने नया फैसला लिया है, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

1. स्मार्ट मीटर शिकायतों के लिए लगेंगे विशेष कैंप

प्रदेशभर में 15 मई से 30 जून तक अधिशासी अभियंता और उपखंड अधिकारी कार्यालयों पर विशेष सहायता केंद्र और कैंप लगाए जाएंगे। यहां उपभोक्ता स्मार्ट मीटर, बिजली बिल और कनेक्शन से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। सरकार का कहना है कि इन कैंपों के जरिए समस्याओं का तेजी से समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही 1912 हेल्पलाइन पर भी विशेष व्यवस्था की जा रही है ताकि उपभोक्ताओं को तुरंत सहायता मिल सके।

2. अब सभी नए बिजली कनेक्शन पोस्टपेड मोड में मिलेंगे

प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था को समाप्त करने का निर्णय लिया है। अब नए बिजली कनेक्शन केवल स्मार्ट पोस्टपेड मीटर के जरिए ही दिए जाएंगे। सरकार का कहना है कि तकनीकी दिक्कतों और उपभोक्ताओं की परेशानियों को देखते हुए यह बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद बिजली विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

3. मोबाइल और WhatsApp पर मिलेगा बिजली बिल

अब उपभोक्ताओं को बिजली बिल के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मई महीने की बिजली खपत का बिल 10 जून तक SMS और WhatsApp के माध्यम से भेजा जाएगा। यदि किसी स्मार्ट मीटर की ऑटोमैटिक रीडिंग उपलब्ध नहीं हो पाती है, तो विभाग मैनुअल रीडिंग के जरिए बिल जारी करेगा। इसके अलावा 1912 हेल्पलाइन से भी बिल प्राप्त किया जा सकेगा।

4. इन नंबरों पर WhatsApp करके पाएं अपना बिल

बिजली विभाग ने अलग-अलग डिस्कॉम के लिए WhatsApp नंबर जारी किए हैं, जहां उपभोक्ता अपना कनेक्शन नंबर भेजकर बिजली बिल प्राप्त कर सकते हैं। पूर्वांचल - 8010968292, मध्यांचल - 7669003409, पश्चिमांचल - 7859804803, दक्षिणांचल - 8010957826, केस्को कानपुर - 8287835233, उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि उनका मोबाइल नंबर बिजली विभाग में सही तरीके से अपडेट होना चाहिए, ताकि बिल समय पर मिल सके।

5. बकाया बिल जमा करने के लिए मिलेगी किस्त सुविधा

सरकार ने बकाया बिजली बिल जमा करने में भी राहत दी है। घरेलू उपभोक्ता 30 अप्रैल तक के बकाए बिल को 10 किस्तों में जमा कर सकेंगे। वहीं अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं को तीन किस्तों में भुगतान करने की सुविधा मिलेगी। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिल मिलने के 15 दिन के भीतर भुगतान करना जरूरी होगा। तय समय तक बिल जमा नहीं होने पर अगले सात दिनों में बिजली कनेक्शन काटा जा सकता है।

0 comments:

Post a Comment