पश्चिमी विक्षोभ का दिखा असर
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। तेज धूप और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग की ओर से लोगों के मोबाइल पर मैसेज भेजकर सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है। अलर्ट में कहा गया है कि अगले तीन घंटों के भीतर कुछ स्थानों पर तेज आंधी, बिजली चमकने और मध्यम बारिश की संभावना है। कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
40 से 60 किमी प्रति घंटे से हवा
मौसम विभाग के अनुसार आंधी के दौरान हवा की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। किसान और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग विशेष सावधानी बरतें, क्योंकि तेज हवाओं और बारिश से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
12 मई से 14 मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुक कर हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि भारी बारिश की संभावना कम बताई गई है, लेकिन गरज-चमक और तेज हवाओं का असर बना रह सकता है। मौसम में इस बदलाव से दिन के तापमान में कमी आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने लोगों को दी ये सलाह
खराब मौसम के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें।
बिजली कड़कने पर मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का कम इस्तेमाल करें।
वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।
किसान फसलों और पशुओं की सुरक्षा का इंतजाम करें।
मौसम विभाग के अपडेट पर नजर बनाए रखें।
प्रदेश में बदले मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं आंधी-तूफान और बिजली गिरने का खतरा भी बढ़ा दिया है। ऐसे में सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

0 comments:
Post a Comment