मंत्रियों को मिलता है लाखों का पैकेज
बिहार सरकार में मंत्रियों को वेतन, भत्ते और अन्य सुविधाओं को मिलाकर हर महीने लाखों रुपये का लाभ मिलता है। विभिन्न अनुमानों के अनुसार, यह राशि प्रतिमाह 2.5 लाख रुपये से 3 लाख रुपये तक वेतन-भत्ते के रूप में होती है, जबकि अन्य सुविधाओं को जोड़ने पर यह आंकड़ा 10 लाख रुपये से भी अधिक तक पहुंच जाता है।
सरकारी बंगला और आलीशान आवास
राज्य के मंत्रियों को पटना के प्रमुख और पाश इलाकों में बड़े सरकारी बंगले आवंटित किए जाते हैं। इन आवासों में न केवल रहने की सुविधा होती है, बल्कि फर्नीचर, बिजली, पानी और रखरखाव का पूरा खर्च सरकार उठाती है। बंगले का परिसर भी काफी बड़ा और सुसज्जित होता है।
वाहन, ईंधन और यात्रा भत्ते
मंत्रियों को सरकारी वाहन और पुलिस एस्कॉर्ट की सुविधा दी जाती है। इसके अलावा ईंधन का खर्च भी सरकार वहन करती है। पहले एंबेसडर कार का उपयोग होता था, लेकिन अब मंत्रियों को लगभग 30 से 35 लाख रुपये तक के वाहन उपयोग करने की अनुमति है। इसके साथ ही यात्रा भत्ता भी दिया जाता है, जिसमें प्रति किलोमीटर लगभग 25 रुपये तक का भुगतान शामिल है। सरकारी कामकाज के लिए हवाई जहाज, हेलीकॉप्टर और विशेष ट्रेन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यालय और स्टाफ सुविधाएं
मंत्रियों को एक सुसज्जित सरकारी कार्यालय दिया जाता है, जिसमें कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य आवश्यक उपकरण शामिल होते हैं। इसके अलावा हर वर्ष कार्यालय के रखरखाव और सजावट के लिए लाखों रुपये का बजट दिया जाता है। साथ ही निजी स्टाफ, सुरक्षाकर्मी और सहायक कर्मचारी भी सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जाते हैं।
अतिरिक्त भत्ते और सुविधाएं
मंत्रियों को मोबाइल फोन, संचार भत्ता, आतिथ्य भत्ता और अन्य कई प्रकार के अतिरिक्त लाभ भी मिलते हैं। मोबाइल उपयोग और संचार खर्च पर हर महीने एक लाख रुपये तक की सीमा दी जाती है। इसके अलावा विदेश यात्रा और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भाग लेने का खर्च भी सरकार द्वारा वहन किया जाता है।
सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी
मंत्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की जाती है। एक मंत्री के साथ आमतौर पर कई सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, जिनमें पुलिस मुख्यालय और स्पेशल ब्रांच के जवान शामिल होते हैं। सरकारी आवास पर भी अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाते हैं।

0 comments:
Post a Comment