बंगाल का नया मुख्यमंत्री कौन? इस नाम पर मुहर तय

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। शाम चार बजे होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद यह तय हो जाएगा कि बंगाल की सत्ता की कमान किस नेता के हाथ में जाएगी। कोलकाता के न्यूटाउन स्थित विश्वबंगला कन्वेंशन केंद्र में होने वाली इस बैठक पर पूरे देश की नजर बनी हुई है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इस अहम बैठक में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंच रहे हैं। उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम के साथ नई सरकार की पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।

शुभेंदु अधिकारी सबसे आगे

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार के रूप में शुभेंदु अधिकारी का नाम सामने आ रहा है। भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराने के बाद उनका राजनीतिक कद काफी बढ़ गया है। भाजपा के भीतर एक बड़ा वर्ग मानता है कि शुभेंदु अधिकारी बंगाल में पार्टी को मजबूती से आगे बढ़ा सकते हैं। प्रशासनिक अनुभव और तृणमूल कांग्रेस के गढ़ में मजबूत पकड़ बनाने की क्षमता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व भी उन पर भरोसा जता सकता है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री पद की रेस में उनका पलड़ा सबसे भारी माना जा रहा है।

दो अन्य नामों पर भी चर्चा

शुभेंदु अधिकारी के अलावा पार्टी के दो और वरिष्ठ नेताओं के नामों पर भी चर्चा चल रही है। भाजपा ऐसा चेहरा चुनना चाहती है जो संगठन और सरकार दोनों को संतुलित तरीके से संभाल सके। क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

दो उपमुख्यमंत्री बनाने की तैयारी

राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि भाजपा पश्चिम बंगाल में दो उपमुख्यमंत्री बनाने का फार्मूला अपना सकती है। इसके जरिए उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल के बीच संतुलन बनाने की कोशिश होगी। साथ ही अलग-अलग समाजों को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति भी तैयार की जा रही है।

तापस राय को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए वरिष्ठ नेता तापस राय को विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। लंबे राजनीतिक अनुभव के कारण पार्टी उन्हें महत्वपूर्ण भूमिका दे सकती है।

0 comments:

Post a Comment