8वें वेतन आयोग: रिटायरमेंट के बाद मिले पुरानी पेंशन चुनने का विकल्प?

नई दिल्ली। देश में 8वें वेतन आयोग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी, भत्तों और पेंशन व्यवस्था पर मंथन जारी है। इसी बीच पेंशन सुधार को लेकर एक बड़ी मांग सामने आई है, जिसने लाखों सरकारी कर्मचारियों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। 

ऑल इंडिया एनपीएस एम्प्लॉइज फेडरेशन ने 8वें वेतन आयोग के सामने बड़ी मांग रखी है कि राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली यानी NPS के तहत आने वाले कर्मचारियों को कुछ साल नौकरी करने के बाद पुरानी पेंशन योजना (OPS) चुनने का विकल्प दिया जाए।

NPS कर्मचारियों के लिए OPS की मांग

30 अप्रैल 2026 को 8वें वेतन आयोग की अध्यक्ष रंजना प्रकाश देसाई के साथ हुई बैठक में फेडरेशन ने यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया। फेडरेशन का कहना है कि कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद निश्चित पेंशन का भरोसा मिलना चाहिए। फेडरेशन के अध्यक्ष मंजीत सिंह पटेल के अनुसार सरकार चाहे तो अपने हिस्से का योगदान और उस पर मिलने वाला रिटर्न अपने पास रख सकती है, जबकि कर्मचारी अपने योगदान और उससे मिलने वाले लाभ के साथ OPS में शामिल हो सकते हैं। 

पहले भी उठ चुकी है NPS खत्म करने की मांग

ऑल इंडिया NPS एम्प्लॉइज फेडरेशन पहले भी NPS व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग करता रहा है। हालांकि आयोग की ओर से इस मांग को समर्थन नहीं मिला था। अब फेडरेशन ने पूरी तरह OPS लागू करने के बजाय विकल्प आधारित व्यवस्था का सुझाव दिया है, ताकि कर्मचारियों को अपनी सुविधा के अनुसार फैसला लेने का मौका मिल सके।

लाखों कर्मचारियों की नजर 8वें वेतन आयोग पर

अब केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजर 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों पर टिकी हुई है। यदि OPS का विकल्प देने जैसी मांगों पर सकारात्मक फैसला लिया जाता है, तो इसका असर देशभर के लाखों कर्मचारियों पर पड़ सकता है। फिलहाल सरकार और आयोग इन सभी प्रस्तावों पर विचार कर रहे हैं।

0 comments:

Post a Comment