केंद्र सरकार ने दी जानकारी: LPG को लेकर 5 बड़ी खुशखबरी

नई दिल्ली। देशभर में एलपीजी आपूर्ति और ईंधन उपलब्धता को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच केंद्र सरकार ने आम लोगों को राहत देने वाली कई अहम जानकारियां साझा की हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में घरेलू गैस सिलिंडर की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है।

रिकॉर्ड स्तर पर हुई गैस डिलीवरी

सरकार के मुताबिक, पिछले दो दिनों में करीब 88 लाख से अधिक एलपीजी सिलिंडर बुक किए गए, जिनमें से लगभग 87 लाख सिलिंडर उपभोक्ताओं तक पहुंचा दिए गए। खास बात यह रही कि अधिकांश डिलीवरी डिजिटल प्रमाणीकरण कोड (DAC) के जरिए की गई, जिससे वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और गड़बड़ी की संभावना कम हो।

कालाबाजारी पर सरकार सख्त

एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सरकार ने देशभर में विशेष अभियान चलाया है। कई राज्यों में छापेमारी की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले गैस एजेंसियों पर कार्रवाई भी हुई। सैकड़ों वितरण केंद्रों पर जुर्माना लगाया गया, जबकि कुछ एजेंसियों को निलंबित भी किया गया। सरकार का कहना है कि जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है।

छोटे सिलिंडरों की बढ़ी मांग

पिछले कुछ दिनों में 5 किलो वाले छोटे एलपीजी सिलिंडरों की बिक्री में भी तेजी आई है। खासकर शहरी क्षेत्रों में रहने वाले प्रवासी मजदूरों और छोटे परिवारों के बीच इनकी मांग बढ़ी है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने इसके लिए जागरूकता अभियान और विशेष शिविर भी आयोजित किए हैं।

पीएनजी कनेक्शन का विस्तार

सरकार ने बताया कि पाइप्ड नेचुरल गैस यानी PNG नेटवर्क का विस्तार भी तेजी से किया जा रहा है। लाखों नए कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं, जबकि बड़ी संख्या में नए उपभोक्ताओं का पंजीकरण भी हुआ है। इससे आने वाले समय में घरेलू गैस आपूर्ति और अधिक आसान होने की उम्मीद है।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर राहत

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के पेट्रोल पंपों पर ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है।

0 comments:

Post a Comment