इस बार अभ्यर्थी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 8 मई से शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 31 मई तय की गई है।
एक जुलाई से शुरू होंगी कक्षाएं
जिला समाज कल्याण विभाग के अनुसार नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए चयन प्रक्रिया जून में पूरी की जाएगी। प्रवेश परीक्षा 5 से 15 जून के बीच आयोजित की जा सकती है। इसके बाद मेरिट और काउंसलिंग के आधार पर 20 से 25 जून तक पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होगी। सभी चयनित छात्रों की कोचिंग कक्षाएं 1 जुलाई से शुरू कर दी जाएंगी।
किन परीक्षाओं की मिलेगी तैयारी
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत युवाओं को कई बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसमें सिविल सेवा, यूपीपीएससी, एसएससी और अन्य एक दिवसीय प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल हैं। इसके अलावा एनडीए, सीडीएस, नीट और जेईई जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं के लिए विज्ञान वर्ग के छात्र आवेदन कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन
सिविल सेवा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए स्नातक अंतिम वर्ष या स्नातक पास छात्र आवेदन के पात्र होंगे। वहीं एनडीए और सीडीएस के लिए संबंधित परीक्षा के अनुसार शैक्षणिक योग्यता जरूरी होगी। नीट और जेईई की तैयारी के इच्छुक वे छात्र आवेदन कर सकते हैं जो कक्षा 11वीं और 12वीं में अध्ययनरत हैं या विज्ञान वर्ग से उत्तीर्ण हो चुके हैं।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
आवेदन करते समय छात्रों को पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड और शैक्षिक प्रमाण पत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां जमा करनी होंगी। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और स्नातक से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं।

0 comments:
Post a Comment