केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, बिहार के किसानों के लिए राहत

पटना। बिहार के लीची किसानों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। लीची फसल को नुकसान पहुंचाने वाले स्टिंग बग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विशेष टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह टीम प्रभावित इलाकों का दौरा कर फसल नुकसान का अध्ययन करेगी और सरकार को समाधान संबंधी रिपोर्ट सौंपेगी।

दरअसल, बिहार के लीची उत्पादक किसानों ने हाल ही में कृषि मंत्री के सामने अपनी समस्या रखी थी। किसानों का कहना था कि स्टिंग बग के बढ़ते प्रकोप से लीची की फसल बुरी तरह प्रभावित हो रही है, जिससे उत्पादन घट रहा है और आर्थिक नुकसान बढ़ता जा रहा है।

वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की बनाई गई टीम

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। गठित टास्क फोर्स में कई संस्थानों के वैज्ञानिकों और अधिकारियों को शामिल किया गया है। इस टीम में बिहार राज्य बागवानी मिशन, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा, बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर, राष्ट्रीय कृषि कीट संसाधन ब्यूरो बेंगलुरु, आईसीएआर से जुड़े विशेषज्ञ को शामिल किया गया है

प्रभावित क्षेत्रों का होगा दौरा

विशेषज्ञों की यह टीम बिहार के प्रभावित जिलों और प्रखंडों का दौरा करेगी। वहां लीची फसलों की वास्तविक स्थिति का अध्ययन किया जाएगा। साथ ही यह देखा जाएगा कि स्टिंग बग का असर कितनी तेजी से फैल रहा है और किसानों को कितना नुकसान हो रहा है। टीम वैज्ञानिक तरीके से अध्ययन कर सरकार को विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी। इसके आधार पर आगे की नीतिगत और प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।

किसानों को मिल सकती है बड़ी राहत

सरकार की इस पहल से बिहार के लीची किसानों को बड़ी उम्मीद जगी है। मुजफ्फरपुर और आसपास के इलाके देशभर में लीची उत्पादन के लिए प्रसिद्ध हैं। ऐसे में फसल को बचाने के लिए समय पर कदम उठाना बेहद जरूरी माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते प्रभावी उपाय किए गए तो फसल नुकसान को कम किया जा सकता है और किसानों की आय पर पड़ने वाले असर को रोका जा सकेगा।

लीची उत्पादन बचाने पर सरकार का फोकस

केंद्र सरकार अब बागवानी फसलों में बढ़ती कीट समस्याओं पर भी विशेष ध्यान दे रही है। माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट के बाद लीची किसानों के लिए नई सहायता योजनाएं, तकनीकी सलाह और कीट नियंत्रण उपाय शुरू किए जा सकते हैं। बिहार के किसानों को उम्मीद है कि सरकार की यह पहल उनकी फसल और आय दोनों को बचाने में मददगार साबित होगी।

0 comments:

Post a Comment