बिहार में TRE 4 अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, दिए बड़े संकेत!

पटना। बिहार में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे टीआरई-4 अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राजधानी पटना में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन और भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग के बीच नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा बयान दिया है। 

उन्होंने साफ कहा कि शिक्षा विभाग में कोई भी बहाली नहीं रुकेगी और जल्द ही सभी लंबित मामलों का समाधान किया जाएगा। मंत्री के इस बयान के बाद टीआरई-4 की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं में नई उम्मीद जगी है। अभ्यर्थी काफी समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे थे और इसी मांग को लेकर सड़कों पर प्रदर्शन भी कर रहे थे।

'कोई बहाली नहीं फंसेगी' शिक्षा मंत्री

पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभाग में जो भी समस्याएं या अटके हुए मामले हैं, उन्हें जल्द सुलझाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि टीआरई-4 भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों को निराश नहीं होना पड़ेगा। मंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग में कई स्तरों पर काम अटक जाता है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। अब ऐसी स्थिति को खत्म करने के लिए विभाग में नई व्यवस्था लागू की जाएगी।

विभाग में लागू होगा सिंगल विंडो सिस्टम

मिथिलेश तिवारी ने विभागीय कामकाज में सुधार को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा ताकि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए कई दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने माना कि विभाग में अक्सर लेटलतीफी और फाइलों के अटकने की समस्या रहती है। इससे आम लोग, शिक्षक और अभ्यर्थी काफी परेशान होते हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद कामकाज को तेज और पारदर्शी बनाने की कोशिश की जाएगी।

शिक्षक होने का अनुभव आएगा काम

शिक्षा मंत्री ने कहा कि वे खुद शिक्षक रहे हैं और उन्हें अच्छी तरह पता है कि विभाग में किस तरह की समस्याएं सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उनके अनुसार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जमीनी स्तर पर बदलाव जरूरी है और सरकार इसी दिशा में काम करेगी।

0 comments:

Post a Comment