सम्राट कैबिनेट का विस्तार पूरा, निशांत कुमार को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी

पटना। बिहार सरकार में लंबे इंतजार के बाद मंत्रिमंडल के विभागों का बंटवारा पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अगुवाई में नई कैबिनेट की पूरी संरचना सामने आ गई है। मंत्रालयों के आवंटन के बाद अब सरकार की कार्यप्रणाली और प्राथमिकताओं की स्पष्ट झलक मिल रही है।

निशांत कुमार को मिला स्वास्थ्य विभाग

नई कैबिनेट में सबसे चर्चित फैसला निशांत कुमार को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी देना रहा। स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विभाग की कमान मिलने के बाद उनकी भूमिका पर अब राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर नजरें टिकी हैं।  वहीं विजय कुमार सिन्हा को कृषि विभाग सौंपा गया है। मिथिलेश तिवारी को शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

सम्राट चौधरी के पास कई अहम मंत्रालय

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास इस बार भी कई महत्वपूर्ण विभाग रखे गए हैं। उन्हें सामान्य प्रशासन, गृह, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन और सिविल विमानन जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही कुछ अन्य अनिर्धारित विभाग भी उनके नियंत्रण में रहेंगे।

अन्य प्रमुख मंत्रियों को मिली जिम्मेदारी

विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन और संसदीय कार्य विभाग दिया गया है, जबकि बिजेंद्र प्रसाद यादव वित्त और वाणिज्य-कर विभाग संभालेंगे। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की जिम्मेदारी डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल को मिली है। श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सौंपा गया है।

शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र पर फोकस

शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अलग-अलग स्तर पर विभागों का विभाजन किया गया है। संजय सिंह टाइगर को उच्च शिक्षा और विधि विभाग मिला है, जबकि शीला कुमारी को विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

महिला मंत्रियों को भी अहम जिम्मेदारी

महिला मंत्रियों को इस बार सामाजिक और कल्याणकारी विभागों में महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है। रेणु देवी को आपदा प्रबंधन विभाग, रमा निवास को पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, सुशी श्रीणी सिंह को खेल विभाग और श्वेता गुप्ता को समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी मिली है।

विकास और बुनियादी ढांचे पर जोर

नई कैबिनेट में ऊर्जा, पंचायत, पर्यावरण और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों पर भी खास ध्यान दिया गया है। शैलेश कुमार को ऊर्जा विभाग, दीपक प्रकाश को पंचायती राज विभाग और डॉ. रामचंद्र प्रसाद को पर्यावरण एवं वन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

नई सरकार की असली परीक्षा शुरू

मंत्रालयों के बंटवारे के बाद अब सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन विभागों के प्रदर्शन को बेहतर बनाना होगा। विकास, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सरकार की नीतियों और फैसलों का असर आने वाले समय में साफ दिखाई देगा। अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नई टीम कितनी तेजी से अपने एजेंडे को जमीन पर उतार पाती है।

0 comments:

Post a Comment