मौसम विभाग के अनुसार बिहार में फिलहाल मौसम सुहावना बना हुआ है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है, जबकि दोपहर में तेज धूप निकलने से गर्मी बढ़ रही है। इसके बावजूद वातावरण में नमी रहने के कारण कई इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है।
इन जिलों में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, मधेपुरा और सुपौल शामिल हैं। इन जिलों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।
पिछले 24 घंटे में भी हुई है बारिश
राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि तेज हवा और ठनका गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। खासकर बारिश और बिजली चमकने के समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल खुले स्थानों पर न करने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।

0 comments:
Post a Comment