सामाजिक सुरक्षा निदेशालय की ओर से सभी जिलाधिकारियों को भेजे गए पत्र में बताया गया कि बड़ी संख्या में पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है। इसी कारण मार्च महीने से लाखों लोगों के खातों में पेंशन की राशि नहीं भेजी जा सकी। मुजफ्फरपुर जिले में करीब 1 लाख 90 हजार लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित था। इनमें से लगभग 15 हजार लोगों का सत्यापन पूरा कर लिया गया है, लेकिन अब भी 1 लाख 74 हजार से अधिक लोगों का प्रमाणीकरण बाकी है।
पटना में सबसे ज्यादा मामले
राज्य स्तर पर सबसे ज्यादा प्रभावित पेंशनधारी पटना जिले में बताए जा रहे हैं। वहां करीब 2 लाख 18 हजार लोगों का जीवन प्रमाणीकरण अपडेट नहीं हो पाया है। इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी बड़ी संख्या में लाभार्थियों की पेंशन अटक गई है। सरकार का कहना है कि जीवन प्रमाणीकरण प्रक्रिया पूरी होते ही पात्र लाभार्थियों की पेंशन फिर से शुरू कर दी जाएगी।
पंचायत स्तर पर लगेंगे विशेष शिविर
स्थिति को देखते हुए मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने सभी बीडीओ को पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाने का निर्देश दिया है। इन शिविरों में लाभार्थियों का मुफ्त जीवन प्रमाणीकरण कराया जाएगा। अधिकारियों को यह भी कहा गया है कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग समय पर अपना सत्यापन करा सकें। इसके लिए कॉमन सर्विस सेंटर के वालेंटियर्स और अन्य कर्मचारियों की भी तैनाती की जाएगी।
बायोमीट्रिक नहीं होने पर होगा भौतिक सत्यापन
कई बुजुर्ग और बीमार पेंशनधारियों को बायोमीट्रिक सत्यापन कराने में दिक्कत हो रही है। ऐसे मामलों में सरकार ने भौतिक सत्यापन के आधार पर भी जीवन प्रमाणीकरण की अनुमति दी है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जिन लोगों का बायोमीट्रिक सत्यापन संभव नहीं है, उनका घर जाकर या स्थानीय स्तर पर भौतिक सत्यापन किया जाए और जानकारी पोर्टल पर अपडेट की जाए।
इसके अलावे मृत पेंशनधारियों पर भी सरकार सख्त
जीवन प्रमाणीकरण के दौरान यह भी सामने आया है कि कई मृत पेंशनधारियों के खातों में अब तक पेंशन की राशि जा रही थी। ऐसे मामलों को गंभीर मानते हुए सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं। निर्देश दिया गया है कि मृत लाभार्थियों के नाम के आगे 'डेथ मार्क' किया जाए और उनके खाते में गई अतिरिक्त पेंशन राशि की वसूली भी की जाए।
प्रशासन ने लाभार्थियों से जल्द सत्यापन कराने की अपील
प्रशासन ने सभी पेंशनधारियों से जल्द से जल्द जीवन प्रमाणीकरण कराने की अपील की है ताकि उनकी पेंशन दोबारा शुरू हो सके। सरकार का कहना है कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र लाभार्थियों को रुकी हुई राशि भी जारी की जाएगी।

0 comments:
Post a Comment