बिहार में इस सड़क का होगा चौड़ीकरण, लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी!

न्यूज डेस्क। बिहार के पटना में रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। बिहार सरकार ने राजधानी की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल नेहरू पथ के चौड़ीकरण की योजना को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में डाकबंगला चौराहा से रूकनपुरा तक सड़क को चौड़ा करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई।

39.80 करोड़ रुपये से होगा काम

इस सड़क के चौड़ीकरण पर करीब 39.80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क का विस्तार होने के बाद इस रूट पर वाहनों की आवाजाही पहले के मुकाबले बेहतर होने की उम्मीद है। इससे ऑफिस जाने वाले लोगों, छात्रों और रोजाना सफर करने वाले वाहन चालकों को खास फायदा मिल सकता है। डाकबंगला चौराहा से रूकनपुरा तक का इलाका पटना के प्रमुख व्यस्त मार्गों में आता है। यहां पीक ऑवर में अक्सर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में सड़क चौड़ी होने से जाम की समस्या कम करने में मदद मिल सकती है।

धनौत में बनेगा नया पहुंच मार्ग

कैबिनेट ने दानापुर अंचल के धनौत मौजा में एक नए अप्रोच रोड के निर्माण को भी मंजूरी दी है। यह मार्ग जवाहर लाल नेहरू पथ से दक्षिण दिशा की ओर बनाया जाएगा। इसके लिए रेलवे की करीब 1.5587 एकड़ जमीन पथ निर्माण विभाग को स्थायी रूप से देने का फैसला हुआ है। इस जमीन की कीमत करीब 10.31 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। नया पहुंच मार्ग बनने से आसपास के लोगों को मुख्य सड़क तक आने-जाने में सुविधा होगी।

पटना के इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस

कैबिनेट बैठक में सड़क और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। कुल 27 प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। इनमें पटना में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने वाली योजनाओं पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही सरकारी कामकाज को डिजिटल बनाने के लिए ई-कैबिनेट प्रणाली लागू करने के लिए 2.75 करोड़ रुपये की अग्रिम राशि को भी स्वीकृति दी गई। सरकार के इन फैसलों से राजधानी में सड़क व्यवस्था और प्रशासनिक कामकाज को आधुनिक बनाने की दिशा में तेजी आने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment