यूपी के किसानों के लिए 3 बड़ी खुशखबरी, मिला पक्का गिफ्ट!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए नए साल की शुरुआत खुशखबरी लेकर आई है। योगी सरकार और नाबार्ड ने प्रदेश में तीन बड़ी सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं से न सिर्फ बुंदेलखंड और पूर्वांचल के सूखा प्रभावित इलाके में सिंचाई क्षमता बढ़ेगी, बल्कि बाढ़ नियंत्रण, पेयजल आपूर्ति और कृषि उत्पादन में भी सुधार होगा।

1. बुंदेलखंड में अर्जुन सहायक परियोजना

बुंदेलखंड के महोबा, हमीरपुर और बांदा जिलों में अर्जुन सहायक परियोजना के लिए 1,353.86 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह परियोजना धसान नदी पन और आसपास के अधूरे कामों को पूरा करेगी। इसके जरिए किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में पेयजल की उपलब्धता में सुधार होगा। साथ ही मवेशियों के लिए पानी की समस्या भी दूर होगी।

2. पूर्वांचल में सरयू नहर परियोजना

सरयू नहर परियोजना के लिए नाबार्ड ने 1,899.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। यह परियोजना बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, संत कबीर नगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर और गोरखपुर जिलों में फैली हुई है। इस परियोजना से 6,227 गांवों के 30 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। 15 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा होगी और सरयू, राप्ती, बाणगंगा और रोहिणी नदियों के अतिरिक्त पानी का बेहतर प्रबंधन होगा। मत्स्य पालन और कृषि उत्पादन दोनों में भी वृद्धि होने की संभावना है।

3. पश्चिमी यूपी में मध्यगंगा परियोजना का दूसरा चरण

मध्यगंगा परियोजना के दूसरे चरण के लिए 3,178.04 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। संभल, मुरादाबाद और अमरोहा जिले इस परियोजना से विशेष लाभान्वित होंगे। परियोजना के पूरा होने पर गंगा बेसिन में बाढ़ नियंत्रण बेहतर होगा और सिंचाई क्षमता में भी सुधार आएगा, जिससे कृषि उत्पादन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment