लेकिन यह राहत लंबे समय तक नहीं रहने वाली है। सोमवार से मौसम का विक्षोभ खत्म होने के साथ पहाड़ों से आती ठंडी पछुआ हवाएँ प्रदेश में प्रवेश करेंगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और शीतलहर जैसी परिस्थितियाँ बन सकती हैं।
इन जिलों में शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के छह जिलों गाजियाबाद, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और संभल में शीतलहर की संभावना जताई है। इन जिलों में अगले तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट का अनुमान है। साथ ही, तराई के 15 जिलों में घने कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 23 अन्य जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है।
कड़ाके की ठंड का अंदेशा
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि सोमवार से विक्षोभ खत्म होने के बाद हवा का रुख फिर से उत्तरी पछुआ होगा। पश्चिमी यूपी में शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है। दिन में धूप कुछ राहत देगी, लेकिन शाम और रात में ठंड अपने चरम पर होगी। तराई के जिलों में सुबह के समय कोहरा अधिक रहेगा।
घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
यूपी के मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बस्ती, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, सहारनपुर, शामली, हापुड़ और बिजनौर व आसपास के इलाकों में कोहरे के चलते यात्रा और दैनिक गतिविधियों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन और मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि इस दौरान अनावश्यक बाहर निकलने से बचें और ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त वस्त्र और सावधानियाँ अपनाएँ।

0 comments:
Post a Comment