बालपुर–कैथोला–अशोकपुर मार्ग का 80% काम पूरा
गोंडा जिले के लिए सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल 15 किलोमीटर लंबे बालपुर–कैथोला–अशोकपुर मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को इसी वर्ष मंजूरी मिली थी। इस परियोजना के लिए कुल 37.25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे।
अब तक लगभग 29 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं और हाल ही में एक और किस्त मिलने से इस सड़क का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। इसके चौड़ा होने से ग्रामीण इलाकों से शहर तक आवाजाही आसान होगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
इटियाथोक–श्रीनगर मार्ग भी होगा चौड़ा
21 किलोमीटर लंबे इटियाथोक–श्रीनगर मार्ग के चौड़ीकरण के लिए भी सरकार ने बड़ी राशि मंजूर की है। इस सड़क को सात मीटर चौड़ा किया जा रहा है, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही सुगम हो सकेगी। इस परियोजना के लिए कुल 72.63 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी। अब तक लगभग 26 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। सड़क के दोनों ओर चौड़ीकरण की प्रक्रिया जारी है और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
गोंडा बाईपास से शहर को मिलेगी राहत
गोंडा शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए बलरामपुर–गोंडा मार्ग को गोंडा–अयोध्या मार्ग से जोड़ने वाला बाईपास भी तेजी से तैयार किया जा रहा है। करीब 11.60 किलोमीटर लंबे इस बाईपास पर कुल 56.34 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अब तक लगभग आधी राशि जारी हो चुकी थी और हाल में 10 करोड़ रुपये की नई किस्त मिलने से निर्माण कार्य को रफ्तार मिलेगी। अनुमान है कि यह बाईपास इसी साल के अंत तक बनकर तैयार हो जाएगा।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगा बढ़ावा
इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से न सिर्फ गोंडा बल्कि आसपास के जिलों को भी बड़ा फायदा होगा। बेहतर सड़कें यात्रा समय घटाएंगी, व्यापार और कृषि परिवहन को बढ़ावा देंगी और शहरों में ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करेंगी पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, स्वीकृत परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा कराने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।

0 comments:
Post a Comment