खुशखबरी! बिहार पुलिस में अनुकंपा नियुक्ति अब ऑनलाइन

पटना। बिहार सरकार ने पुलिस विभाग से जुड़ी अनुकंपा नियुक्ति प्रक्रिया को और अधिक सरल, तेज़ व पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब बिहार पुलिस में अनुकंपा के आधार पर मिलने वाली नियुक्ति के लिए ऑनलाइन व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसके लिए गृह विभाग की ओर से एक विशेष अनुकंपा पोर्टल लॉन्च किया गया है।

आपको बता दें की इस नई व्यवस्था से शहीद या दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को अब दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पूरी आवेदन प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से की जा सकेगी और हर स्तर पर आवेदन की निगरानी भी संभव होगी।

कैसे करें ऑनलाइन आवेदन

अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन करने वाले आश्रितों को सबसे पहले पोर्टल पर मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद लॉग-इन कर आवश्यक जानकारी भरनी होगी और सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे।

कौन-कौन से दस्तावेज होंगे जरूरी

ऑनलाइन आवेदन के दौरान आवेदक को निम्नलिखित दस्तावेज पीडीएफ फॉर्मेट में अपलोड करने होंगे: मृत पुलिसकर्मी का मूल मृत्यु प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, चरित्र/आचरण प्रमाण पत्र, अनियोजन प्रमाण पत्र, पारिवारिक सूची, अनापत्ति प्रमाण पत्र, स्व-घोषणा पत्र।

समयबद्ध और पारदर्शी प्रक्रिया

नई ऑनलाइन व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ यह है कि अब अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े मामलों का निष्पादन तय समय-सीमा में किया जा सकेगा। पोर्टल के माध्यम से आवेदन की स्थिति को ट्रैक किया जा सकेगा, जिससे आवेदकों को यह पता रहेगा कि उनका मामला किस स्तर पर है। इस डिजिटल प्रणाली से पारदर्शिता बढ़ेगी और अनावश्यक देरी या भ्रष्‍टाचार की संभावनाएं भी कम होंगी।

आश्रित परिवारों को मिलेगा बड़ा सहारा

यह पहल उन परिवारों के लिए बेहद राहत भरी है, जिन्होंने अपने कमाने वाले सदस्य को ड्यूटी के दौरान खो दिया। अनुकंपा नियुक्ति के जरिए सरकार ऐसे परिवारों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करती है, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।

0 comments:

Post a Comment