बिहार में छात्रों को बड़ी खुशखबरी, मिलेगी मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग

मुजफ्फरपुर। बिहार के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों के लिए शिक्षा में बड़ी पहल की जा रही है। अब नौंवी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। यह सुविधा नए शैक्षणिक सत्र से शुरू होगी और इसका उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को आसान और सुलभ बनाना है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी

कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों को इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी। वहीं, उन छात्रों के लिए जो मेडिकल या इंजीनियरिंग में नहीं जाना चाहते, रेलवे, बैंकिंग, एसएससी जैसी अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा भी दी जाएगी।

नामी संस्थानों से सहयोग

इस योजना को सफल बनाने के लिए आईआईटी कानपुर और आईआईटी पटना जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से भी सहयोग लिया जा रहा है। इसके अलावा, नामी गिरामी कोचिंग संस्थानों से बातचीत चल रही है ताकि छात्रों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

ऑनलाइन कक्षाओं की रूपरेखा

छात्रों को प्रतिदिन स्कूल की कक्षाओं के अतिरिक्त 1 से 1.5 घंटे ऑनलाइन क्लास में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इन कक्षाओं में विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञ शिक्षक पढ़ाएंगे। ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन के लिए सर्व शिक्षा अभियान द्वारा दिशानिर्देश जारी किए गए हैं।

मूल्यांकन और प्रगति

सप्ताह में एक दिन छात्रों की तैयारी का मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि उनकी प्रगति और समझ का आकलन किया जा सके। जिले के अधिकांश स्कूलों में स्मार्ट क्लास और वाईफाई की सुविधा पहले से ही उपलब्ध है, जिसे इस योजना में शामिल किया जाएगा। प्रखंड शिक्षा अधिकारियों से इस संबंध में रिपोर्ट भी मांगी गई है।

0 comments:

Post a Comment