कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य के अधिकतर इलाकों में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर आंधी के साथ बारिश हो सकती है। खासतौर पर उत्तर-पूर्वी बिहार के कुछ जिलों में बारिश की संभावना ज्यादा बताई जा रही है। वहीं दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के करीब छह जिलों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है।
ठनका गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने कई जिलों में ठनका गिरने की भी चेतावनी जारी की है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका के कारण किसानों और ग्रामीण इलाकों के लोगों को भी सावधानी बरतने को कहा गया है।
दो दिनों बारिश के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राज्य के दक्षिण-पूर्वी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों के कुछ जिलों में फिर से आंधी और बारिश की संभावना है। इसके बाद बुधवार को उत्तर बिहार के कई जिलों में भी मौसम का यही असर देखने को मिल सकता है। इस वजह से अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
पटना में भी बारिश की संभावना
राजधानी पटना में भी मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। सोमवार को जिले के कुछ इलाकों में आंधी और बारिश हो सकती है। अगले तीन दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। इससे दिन के तापमान में कमी आ सकती है, जबकि रात का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है।

0 comments:
Post a Comment