बीजेपी में खुशी की लहर, पीएम मोदी ने स्थापित किया नया रिकॉर्ड

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक उनकी सार्वजनिक सेवा की यात्रा अब 8,931 दिनों तक पहुंच गई है, जिससे वे भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले सरकार प्रमुख बन गए हैं। इस उपलब्धि पर देशभर के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।

पवन कुमार चामलिंग का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा

पीएम मोदी ने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए यह नया मानक स्थापित किया। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई यह यात्रा अब प्रधानमंत्री के पद तक पहुँच चुकी है और इसे उनकी जनता के प्रति सेवा और राष्ट्र निर्माण के अडिग संकल्प का प्रतीक माना जा रहा है।

केंद्रीय मंत्रियों ने जताई खुशी

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लिखा कि यह रिकॉर्ड पीएम मोदी के स्थायी नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने प्रधानमंत्री को उनकी अटूट सेवा और संकल्प के लिए बधाई दी और इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। वहीं, केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी पीएम मोदी को रिकॉर्ड तोड़ने और देश सेवा के उनके समर्पण के लिए शुभकामनाएं दी।

जनता के लिए प्रेरणा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी की यात्रा प्रेरणादायक रही है। उनकी नीतियाँ गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने पर केंद्रित रही हैं, और उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अधिक आत्मविश्वास और प्रभाव के साथ खड़ा है।

प्रधानमंत्री मोदी का यह रिकॉर्ड सिर्फ संख्या नहीं है, बल्कि यह उनकी निरंतर मेहनत, जन-कल्याण और देश को विकसित भारत बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनके नेतृत्व में भारत की प्रगति लगातार नई ऊँचाइयों तक पहुँच रही है और जनता के जीवन में वास्तविक बदलाव दिखाई दे रहे हैं।

0 comments:

Post a Comment