बिहार में स्कूलों की बदली टाइमिंग, सभी जिलों में लागू

पटना। बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों और शिक्षकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। ग्रीष्मावकाश के बाद सोमवार से राज्य के करीब 80 हजार सरकारी विद्यालय दोबारा खुल जाएंगे। भीषण गर्मी और लू को देखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूलों के संचालन समय में बदलाव जारी रखने का फैसला लिया है।

शिक्षा विभाग के नए आदेश के अनुसार अब सभी सरकारी विद्यालय 30 जून तक सुबह की पाली में संचालित होंगे। पहले यह व्यवस्था 31 मई तक लागू थी, लेकिन मौसम की स्थिति को देखते हुए इसकी अवधि बढ़ा दी गई है।

सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक लगेंगी कक्षाएं

राज्य के प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में फिलहाल विशेष समय-सारिणी के अनुसार पढ़ाई होगी। स्कूलों का संचालन सुबह 6:30 बजे से शुरू होगा और दोपहर 12:30 बजे तक चलेगा। इस दौरान प्रार्थना, कक्षाओं का संचालन और मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) की व्यवस्था पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही जारी रहेगी।

गर्मी को देखते हुए लिया गया ये फैसला

शिक्षा विभाग ने बताया कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव जारी रखने का निर्णय लिया गया है। तेज गर्मी और लू के कारण बच्चों को परेशानी न हो, इसके लिए सुबह के समय पढ़ाई कराने की व्यवस्था की गई है।

ज्यादा छात्रों वाले स्कूलों के लिए निर्देश

कुछ विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की संख्या अधिक है, जिससे सभी बच्चों को एक साथ मध्याह्न भोजन कराना मुश्किल हो सकता है। ऐसे स्कूलों में प्रधानाध्यापक जरूरत के अनुसार छात्रों के समूह बनाकर भोजन और पढ़ाई की व्यवस्था करेंगे।

30 जून के बाद फिर बदलेगा समय

शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि 30 जून तक यही विशेष समय-सारिणी लागू रहेगी। इसके बाद सामान्य व्यवस्था के तहत स्कूलों का संचालन फिर से सुबह 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक किया जा सकता है।

जिला अधिकारियों को मिली छूट

मौसम और स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारियों को जरूरत के अनुसार स्कूल संचालन में बदलाव करने का अधिकार दिया गया है। इसके साथ ही सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि बच्चों के लिए साफ पीने का पानी, गर्मी से बचाव और सुरक्षित माहौल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

0 comments:

Post a Comment