बिहार में बिगड़ेगा मौसम, 20+ जिलों में भारी बारिश के आसार

पटना। बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक बारिश, मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर उत्तर बिहार, सीमांचल और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 11 से 13 अगस्त के बीच अलग-अलग जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। इस दौरान हवा की गति करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। विभाग ने किसानों और आम लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

11 अगस्त को इन इलाकों में अलर्ट

मंगलवार, 11 अगस्त को बिहार के पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में मौसम का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवा चलने की आशंका है। इन जिलों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। वहीं दक्षिण-पश्चिमी बिहार के बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में भी मेघ गर्जन तथा आकाशीय बिजली को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। 

12 अगस्त को उत्तर बिहार में बढ़ेगी बारिश

12 अगस्त को मौसम का दायरा और बढ़ सकता है। उत्तर बिहार के लगभग सभी जिलों में मेघ गर्जन, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 

इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। साथ ही बारिश के दौरान बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। दूसरी ओर पटना, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, गया, नवादा औरंगाबाद और भागलपुर समेत कुछ जिलों में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने का अनुमान है।

13 अगस्त को सीमांचल में भारी बारिश की संभावना

13 अगस्त को भी उत्तर बिहार के कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इसके अलावा पूर्वी बिहार के मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर, बांका और जमुई में भी येलो अलर्ट रहेगा। खास तौर पर किशनगंज और कटिहार के आसपास के क्षेत्रों में तेज हवा, वज्रपात और भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। 

उत्तर और पूर्वी बिहार के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक जारी रहने की संभावना है। वहीं पटना, नालंदा, गया, औरंगाबाद और रोहतास जैसे दक्षिणी जिलों में 13 अगस्त को मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने का पूर्वानुमान है।

0 comments:

Post a Comment