यूपी के 6 शहरों में अग्निवीरों की भर्ती, युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होने का शानदार मौका आने वाला है। प्रदेश में तीसरी अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए राज्य के छह शहरों को चुना गया है। भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 17 अगस्त 2026 से मेरठ में होगी और अलग-अलग चरणों में चलने वाली यह भर्ती रैली 14 अप्रैल 2027 तक जारी रहेगी।

बड़ी संख्या में युवाओं के भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सोमवार को लोक भवन में अधिकारियों और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित जिलों के प्रशासन को निर्देश दिए कि भर्ती स्थलों पर अभ्यर्थियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।

छह शहरों में आयोजित होगी भर्ती रैली

उत्तर प्रदेश में अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन मेरठ, बरेली, लखनऊ, वाराणसी, आगरा और अयोध्या में किया जाएगा। अलग-अलग शहरों में भर्ती की तारीखें निर्धारित की गई हैं। सरकार का अनुमान है कि भर्ती रैलियों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंच सकते हैं। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन को पहले से सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

भर्ती रैली का पूरा कार्यक्रम

मेरठ: 17 अगस्त से 9 सितंबर 2026

बरेली: 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026

लखनऊ: 11 जनवरी से 28 जनवरी 2027

वाराणसी: 2 फरवरी से 27 फरवरी 2027

आगरा: 4 मार्च से 24 मार्च 2027

अयोध्या: 29 मार्च से 14 अप्रैल 2027

अभ्यर्थियों के लिए सुविधाओं पर सरकार का फोकस

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भर्ती स्थलों पर पहुंचने वाले उम्मीदवारों के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं पहले से तैयार रहें। इनमें आवागमन, ठहरने की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा प्रमुख हैं। इसके अलावा बड़ी भीड़ को देखते हुए यातायात और भीड़ प्रबंधन की भी प्रभावी व्यवस्था करने को कहा गया है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि भर्ती स्थल पर किसी तरह की अव्यवस्था पैदा न हो।

0 comments:

Post a Comment