बिहार में तेज हवा और बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बिहार के कई जिलों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इसके साथ कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। वहीं उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
कुछ जिलों में जारी रहेगी भीषण गर्मी
हालांकि पूरे बिहार में मौसम एक जैसा नहीं रहने वाला है। दक्षिण-पश्चिम बिहार के रोहतास, कैमूर, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद जैसे जिलों में पछुआ हवा चलने के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। दूसरी ओर राज्य के कई हिस्सों में पूरवा हवा चलने से नमी बढ़ेगी और बारिश की संभावना बनेगी। जिन इलाकों में बारिश नहीं होगी वहां उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
पटना में भी बदल सकता है मौसम
राजधानी पटना में भी मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने जिले के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। मंगलवार को पटना में तेज हवाएं चलीं, जिनकी रफ्तार करीब 37 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है। आने वाले कुछ दिनों तक बिहार में मौसम का मिजाज बदलता रह सकता है, इसलिए लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखनी चाहिए।

0 comments:
Post a Comment