20 लाख से अधिक घरों तक पहुंचेगा हाई-स्पीड इंटरनेट
प्रोजेक्ट गंगा के तहत प्रदेश के 20 लाख से अधिक घरों को हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में तेज इंटरनेट की कमी महसूस की जा रही थी, जिससे शिक्षा, रोजगार और ऑनलाइन सेवाओं तक पहुंच सीमित थी। इस परियोजना के लागू होने के बाद गांवों में भी शहरों जैसी डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध होने लगेंगी।
युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर
सरकार इस योजना के तहत न्याय पंचायत स्तर पर 8 से 10 हजार युवाओं को डिजिटल सेवा प्रदाता के रूप में तैयार करेगी। खास बात यह है कि इनमें लगभग 50 प्रतिशत भागीदारी महिलाओं की होगी। इससे ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे और उनकी आर्थिक भागीदारी भी बढ़ेगी।
गांवों तक पहुंचेगी डिजिटल सेवाएं
प्रोजेक्ट गंगा के तहत केवल इंटरनेट सुविधा ही नहीं, बल्कि कई आधुनिक डिजिटल सेवाओं को भी गांवों तक पहुंचाया जाएगा। इसमें सार्वजनिक वाई-फाई, आईपीटीवी, ओटीटी सेवाएं, सीसीटीवी आधारित सुरक्षा प्रणाली और साइबर सुरक्षा सेवाएं शामिल हैं। इसके अलावा स्कूलों, संस्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की डिजिटल कनेक्टिविटी को भी मजबूत किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीक का उपयोग तेजी से बढ़ सके।
गांवों की बदल सकती है तस्वीर
सरकार का मानना है कि 'कनेक्टेड गांव, समृद्ध यूपी' के लक्ष्य को हासिल करने में यह परियोजना अहम साबित होगी। इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार से जुड़ी सुविधाएं अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंच सकेंगी।
0 comments:
Post a Comment