बादलों ने पकड़ी रफ्तार! 30 जून से यूपी के 50 जिलों में भारी बारिश के आसार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू से अब राहत मिलने की उम्मीद है। तपती गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 30 जून से प्रदेश में बारिश का दौर शुरू हो सकता है और मानसून की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में यूपी के 50 से ज्यादा जिलों में मध्यम से भारी बारिश देखने को मिल सकती है। बारिश का यह सिलसिला करीब 4 जुलाई तक जारी रहने के आसार हैं। जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

बारिश के बाद गिरेगा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश शुरू होने के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है। अनुमान है कि बारिश के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 7 से 9 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।

कई जिलों में तापमान 40 के पार

गर्मी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। प्रयागराज और आगरा सबसे ज्यादा गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान करीब 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी लखनऊ में भी पारा 41.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में मानसून आने के लिए परिस्थितियां लगातार बेहतर हो रही हैं। 30 जून के बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ने से किसानों और आम लोगों को राहत मिल सकती है। बारिश से जहां गर्मी कम होगी, वहीं खेती-किसानी के लिए भी यह समय काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आंधी-वज्रपात से सतर्क रहने की सलाह

मौसम में बदलाव के दौरान तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने जैसी स्थितियां भी बन सकती हैं। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। लगातार गर्मी झेल रहे यूपी के लोगों के लिए अब बारिश की खबर राहत लेकर आई है। आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment