LPG उपभोक्ताओं को 4 बड़ी खुशखबरी, नए नियम से खत्म होगी परेशानी

नई दिल्ली। देशभर के LPG गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सरकार ने LPG कनेक्शन से जुड़े नियमों में बदलाव किया है, जिससे उन लोगों को फायदा मिलेगा जो PNG सुविधा वाले इलाके में रहने के बाद किसी ऐसे स्थान पर चले जाते हैं जहां PNG उपलब्ध नहीं है। नए नियम के बाद अब ऐसे उपभोक्ताओं को दोबारा नया LPG कनेक्शन लेने की जरूरत नहीं होगी। वे अपने पुराने LPG कनेक्शन को फिर से शुरू करा सकेंगे।

PNG लेने के बाद भी सुरक्षित रहेगा LPG कनेक्शन

सरकार का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को PNG गैस सुविधा से जोड़ना है, लेकिन साथ ही उपभोक्ताओं की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। अगर किसी व्यक्ति के घर में PNG कनेक्शन लग जाता है और वह LPG छोड़ना चाहता है, तो उसके पास विकल्प रहेगा कि वह भविष्य के लिए अपने LPG कनेक्शन को सुरक्षित रख सके।

उपभोक्ताओं को मिलेंगे दो विकल्प

नए नियम के अनुसार PNG कनेक्शन मिलने के बाद उपभोक्ता के पास दो रास्ते होंगे। पहला विकल्प यह है कि वह तय समय के अंदर अपना LPG कनेक्शन बंद करने के लिए आवेदन कर सकता है। दूसरा विकल्प यह है कि अगर भविष्य में उसे ऐसे स्थान पर जाना पड़ सकता है जहां PNG सुविधा नहीं है, तो वह LPG कनेक्शन बंद करते समय ट्रांसफर वाउचर ले सकता है। इस वाउचर की मदद से बाद में LPG कनेक्शन दोबारा शुरू कराया जा सकेगा।

नौकरीपेशा वालों को सबसे ज्यादा फायदा

यह बदलाव उन लोगों के लिए काफी उपयोगी माना जा रहा है जिनका बार-बार स्थानांतरण होता रहता है। नौकरी के कारण शहर बदलने वाले कर्मचारी, किराये के घर में रहने वाले लोग, छात्र और दूसरे शहरों में रहने वाले परिवार अब गैस कनेक्शन को लेकर ज्यादा परेशान नहीं होंगे। पहले नए शहर में जाने पर नया LPG कनेक्शन लेने की प्रक्रिया करनी पड़ती थी, लेकिन अब पुराने कनेक्शन को दोबारा इस्तेमाल करने का रास्ता आसान होगा।

कमर्शियल LPG इस्तेमाल करने वालों को भी राहत

सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यावसायिक LPG ग्राहकों के लिए भी राहत दी है। कमर्शियल पैक्ड LPG की सप्लाई पर लगी कुछ पाबंदियों को हटाकर व्यवस्था को सामान्य किया गया है। इससे होटल, दुकान, छोटे कारोबार और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में LPG इस्तेमाल करने वालों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment