पानी-पानी होगा बिहार! इन जिलों में भारी बारिश के आसार

पटना। बिहार में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही मौसम का मिजाज बदल गया है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले समय में कई जिलों में तेज हवा, मेघ गर्जन और भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने से बिहार के कई इलाकों में अच्छी बारिश के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए कई जिलों में सतर्क रहने की सलाह दी है। मानसून बिहार के कई हिस्सों में आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में इसके बाकी इलाकों तक पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने भागलपुर, किशनगंज, कटिहार और रोहतास में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया, बांका और आसपास के इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश होने के आसार हैं।

तेज हवा और वज्रपात की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में बारिश के साथ आंधी, मेघ गर्जन और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

कुछ इलाकों में गर्मी का असर जारी

जहां एक तरफ राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है, वहीं कुछ जिलों में गर्मी का प्रभाव अभी भी बना हुआ है। कैमूर, बक्सर, गया, औरंगाबाद और डेहरी जैसे क्षेत्रों में तापमान अधिक दर्ज किया गया। कैमूर के भभुआ में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

0 comments:

Post a Comment