यूपी सरकार का फैसला, किसानों के लिए 4 बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों और उनके परिवारों के लिए सरकार ने एक नई पहल शुरू करने की तैयारी की है। किसानों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जुलाई के दूसरे सप्ताह में प्रदेशभर में विशेष जागरूकता और नामांकन अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के जरिए किसानों को बीमा, पेंशन और दूसरी सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

सभी गन्ना समितियों में होगा अभियान

यह विशेष अभियान प्रदेश की सभी सहकारी गन्ना विकास समितियों में आयोजित किया जाएगा। इसका मकसद है कि ज्यादा से ज्यादा गन्ना किसान और उनके परिवार सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठा सकें। अभियान को सफल बनाने के लिए हर जिले में 30 जून तक जिला गन्ना अधिकारी की अध्यक्षता में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में गन्ना समितियों, चीनी मिलों, बैंकों और अन्य विभागों के अधिकारी शामिल होंगे।

किसानों को मिलेंगी बीमा और पेंशन

अभियान के दौरान किसानों को केंद्र सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं। छोटी गन्ना समितियों में तीन दिन और बड़ी समितियों में पांच दिन तक किसान गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में किसानों को योजना की पात्रता, फायदे और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

मौके पर ही होगा नामांकन

सरकार की योजना है कि किसानों को सिर्फ जानकारी ही नहीं बल्कि मौके पर ही योजनाओं से जोड़ा जाए। इसके लिए बैंक, गन्ना समितियों और चीनी मिलों की ओर से सहायता काउंटर लगाए जाएंगे, जहां किसान अपना पंजीकरण करा सकेंगे। अभियान के तहत हर गन्ना समिति को लक्ष्य दिया गया है कि कम से कम 10 प्रतिशत पंजीकृत गन्ना किसानों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाए।

गांव-गांव पहुंचेगी जानकारी

किसानों तक योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए गन्ना पर्यवेक्षक ग्रामीण इलाकों में जाकर प्रचार-प्रसार करेंगे। किसानों को आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेजों और प्रक्रिया के बारे में भी बताया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि गन्ना किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिले और किसी भी मुश्किल समय में बीमा व पेंशन जैसी योजनाएं उनके परिवारों के लिए सहारा बन सकें। 

0 comments:

Post a Comment