यूपी वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! बनने जा रहा 330 किमी लंबा एक्सप्रेस-वे, कई जिलों को मिलेगा फायदा

न्यूज डेस्क। उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे नेटवर्क को और मजबूत करने की तैयारी तेज हो गई है। प्रदेश को एक और बड़े प्रोजेक्ट की सौगात मिलने जा रही है। संगम नगरी प्रयागराज से सोनभद्र तक प्रस्तावित करीब 330 किलोमीटर लंबे विंध्य एक्सप्रेस-वे को जमीन पर उतारने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इस एक्सप्रेस-वे के बनने से न सिर्फ सफर आसान होगा, बल्कि कई जिलों में विकास, रोजगार और कारोबार को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

45 गांवों में पूरा हुआ जमीन का सर्वे

विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गंगापार क्षेत्र की तीन तहसीलों सोरांव, फूलपुर और हंडिया के कुल 73 गांव इस परियोजना से प्रभावित होंगे। इनमें से 45 गांवों का सर्वे पूरा किया जा चुका है। सर्वे के दौरान एक्सप्रेस-वे के लिए जरूरी जमीन को चिह्नित किया गया है और उसका नक्शा भी तैयार किया जा चुका है।

यूपीडा ने भेजा भूमि खरीद का प्रस्ताव

उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की ओर से भूमि खरीद को लेकर प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा गया है। अब तहसील स्तर पर जमीन का सत्यापन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर रिकॉर्ड में बदलाव किए जाएंगे, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। भूमि खरीद के लिए जल्द ही आधिकारिक प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।

प्रयागराज से सोनभद्र तक बनेगा रास्ता

यह एक्सप्रेस-वे प्रयागराज के सोरांव क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे के पास से शुरू होकर सोनभद्र में छत्तीसगढ़ सीमा के नजदीक तक जाएगा। इसका फायदा प्रयागराज के अलावा मीरजापुर, वाराणसी, चंदौली और विंध्य क्षेत्र के अन्य जिलों को मिलने की उम्मीद है।

कई राज्यों से बेहतर होगी कनेक्टिविटी

विंध्य एक्सप्रेस-वे सिर्फ उत्तर प्रदेश के जिलों को जोड़ने तक सीमित नहीं रहेगा। इसके बनने से यूपी का संपर्क मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ तक और मजबूत होगा। दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से विंध्य क्षेत्र तक पहुंचना आसान होगा। इससे व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

0 comments:

Post a Comment