गांवों की समस्याओं पर होगी सीधी चर्चा
पंचायत विकास दिवस के मौके पर ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसमें गांव की जरूरतों, विकास कार्यों और लंबित समस्याओं पर चर्चा होगी। इस दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, स्वच्छता, सड़क, जल संरक्षण और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए योजनाएं तैयार की जाएंगी।
महिला सशक्तिकरण पर रहेगा फोकस
पंचायत विकास दिवस के पहले कार्यक्रम की थीम ‘महिला हितैषी पंचायत’ रखी गई। सरकार का कहना है कि गांवों के विकास में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना जरूरी है। महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए चल रही योजनाओं को और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। पंचायत स्तर पर महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात भी कही गई है।
जनभागीदारी से बदलेगी पंचायतों की तस्वीर
सरकार का लक्ष्य है कि पंचायत विकास दिवस सिर्फ एक कार्यक्रम न रहकर गांवों में विकास की नियमित प्रक्रिया बने। हर महीने होने वाली बैठकों में विकास कार्यों की समीक्षा होगी और आगे की योजनाओं पर फैसला लिया जाएगा। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे पंचायत स्तर पर रखने का मौका मिलेगा और समाधान की प्रक्रिया भी तेज हो सकती है।
सहयोग शिविर की तर्ज पर होगा पूरा काम
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिस तरह सहयोग शिविरों के जरिए लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया, उसी मॉडल पर पंचायत विकास दिवस को भी प्रभावी बनाया जाएगा। इस पहल के माध्यम से सरकार गांवों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने और पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करेगी।

0 comments:
Post a Comment