पानी-पानी होगा बिहार! इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी

पटना: बिहार में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राजधानी पटना सहित कई जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।

इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और बांका में भारी से अत्यधिक बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। लगातार बारिश के कारण निचले क्षेत्रों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।

अगले पांच दिनों तक ऐसा रहेगा मौसम

8 जुलाई: पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी रहेगा और अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।

9 जुलाई: शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, कटिहार और पूर्णिया के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया हैं।

10 जुलाई: पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली और समस्तीपुर में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बाकी जिलों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

11 और 12 जुलाई: पूरे बिहार में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

आखिर क्यों बदला मौसम?

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सक्रिय मानसूनी ट्रफ लाइन और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण बिहार में नमी तेजी से बढ़ी है। इसी वजह से मानसून फिर सक्रिय हुआ है और राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दायरा बढ़ गया है। यदि यही स्थिति बनी रही तो जुलाई के बाकी दिनों में भी रुक-रुक कर अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।

0 comments:

Post a Comment