3.18 किलोमीटर लंबा होगा नया बाइपास
प्रस्तावित बाइपास की लंबाई 3.18 किलोमीटर और चौड़ाई करीब 30 मीटर होगी। पथ निर्माण विभाग ने परियोजना से जुड़ी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब जमीन की नापी, सीमांकन और भूमि अधिग्रहण से जुड़े कार्य तेजी से किए जा रहे हैं, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।
मीरगंज शहर को मिलेगा जाम से राहत
मीरगंज गोपालगंज जिले का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में लोग व्यापार, खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। भारी वाहनों और बढ़ते ट्रैफिक के कारण शहर में अक्सर लंबा जाम लग जाता है। नया बाइपास बनने के बाद बाहरी वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे यातायात सुगम होगा और लोगों का समय भी बचेगा।
छह प्रखंडों के लोगों को होगा सीधा फायदा
इस परियोजना का सबसे अधिक लाभ हथुआ, भोरे, कटेया, विजयीपुर, उचकागांव और पंचदेवरी प्रखंडों के लोगों को मिलेगा। इन क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को अब शहर के भीड़भाड़ वाले मार्ग से नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे दैनिक आवागमन आसान होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
उत्तर प्रदेश से भी बेहतर होगी कनेक्टिविटी
नया बाइपास एनएच-531 पर स्थित सलेमपट्टी पेट्रोल पंप के पास से शुरू होकर मीरगंज-भागीपट्टी-समउर मार्ग से जुड़ेगा। इसके शुरू होने के बाद उत्तर प्रदेश के देवरिया सहित सीमावर्ती क्षेत्रों तक पहुंचना आसान होगा। साथ ही ऐतिहासिक सबेया एयरपोर्ट तक आने-जाने का रास्ता भी अधिक सुगम हो जाएगा।

0 comments:
Post a Comment