बिहार में बिजली उपभोक्ताओं को राहत, सरकार ने दी खुशखबरी

पटना: बिहार के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार बिजली सेवाओं को अधिक पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी में ऊर्जा विभाग ने बिजली कंपनियों की विभिन्न डिजिटल परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से इन्हें लागू करने के निर्देश दिए हैं।

ऑनलाइन मिलेगी कई महत्वपूर्ण सेवाएं

सरकार की डिजिटल पहल के तहत 'सुविधा बिहार' मोबाइल एप के जरिए उपभोक्ताओं को कई सेवाएं घर बैठे उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से  बिजली बिल का ऑनलाइन भुगतान, नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन, शिकायत दर्ज करने और उसकी ऑनलाइन निगरानी, आवेदन की स्थिति की जानकारी, अन्य उपभोक्ता सेवाओं का डिजिटल लाभ। इस व्यवस्था से बिजली कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत काफी हद तक कम होगी और सेवाएं पहले से अधिक आसान बनेंगी।

राजस्व और बिलिंग व्यवस्था होगी मजबूत

बैठक में Revenue Management System (RMS) की भी समीक्षा की गई। इस प्रणाली के माध्यम से बिलिंग, राजस्व संग्रह, बकाया वसूली और वित्तीय निगरानी को अधिक व्यवस्थित बनाया जाएगा। इससे बिलिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और उपभोक्ताओं से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी।

ईआरपी सिस्टम से होगा बेहतर प्रबंधन

Enterprise Resource Planning (ERP) के तहत मानव संसाधन, वित्त, खरीद, लेखा, सामग्री प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संचालित किया जाएगा। इससे विभागीय कार्यों में अनावश्यक देरी कम होगी और निर्णय लेने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी।

साइबर सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

ऊर्जा विभाग ने बिजली व्यवस्था से जुड़े आईटी और ऑपरेशनल टेक्नोलॉजी नेटवर्क की सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इसके लिए 24×7 साइबर सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी। संभावित साइबर हमलों की समय रहते पहचान, त्वरित कार्रवाई और सूचना सुरक्षा को मजबूत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।

सरकार का लक्ष्य

ऊर्जा विभाग का कहना है कि सभी डिजिटल परियोजनाओं को आपसी समन्वय के साथ जल्द पूरा किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि तकनीक आधारित सेवाओं का लाभ राज्य के हर बिजली उपभोक्ता तक पहुंचे और बिहार में बिजली सेवाओं की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाया जा सके।

0 comments:

Post a Comment