हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के युवाओं को गांव स्तर पर ही खेलों के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर से ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है।
प्रत्येक ब्लॉक में बनेंगे मिनी स्टेडियम
सरकार की योजना के तहत हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम तैयार किए जा रहे हैं। इन स्टेडियमों में खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण की सुविधाएं मिलेंगी। इससे छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
सभी जिलों में आधुनिक खेल सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर जनपद में आधुनिक स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं, ताकि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकें। साथ ही मेरठ में स्थापित मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय खेल शिक्षा, शोध और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।
18 मंडलों में खुलेंगे स्पोर्ट्स कॉलेज
युवाओं के लिए सबसे बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सभी 18 मंडलों में स्पोर्ट्स कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे। इन संस्थानों में खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, वैज्ञानिक फिटनेस, विशेषज्ञ कोचिंग और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ रोजगार
सरकार का लक्ष्य केवल खिलाड़ियों को तैयार करना नहीं, बल्कि उनके भविष्य को भी सुरक्षित बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सरकारी नौकरी के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे युवाओं का खेलों के प्रति विश्वास और उत्साह बढ़ेगा।

0 comments:
Post a Comment