पानी-पानी होगा बिहार! 20 जिलों में आंधी-बारिश के आसार

पटना: बिहार में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के मजबूत होकर अवदाब (डिप्रेशन) में बदलने के बाद राज्य में बारिश की गतिविधियां तेज होने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए बिहार के 20 जिलों में बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार बिहार के औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर (भभुआ) में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

17 जिलों में वज्रपात का अलर्ट

भारी बारिश वाले जिलों के अलावा पटना, अरवल, बांका, गया, जहानाबाद, जमुई, लखीसराय, नालंदा, नवादा, भागलपुर, कटिहार, मुंगेर, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर (भभुआ) और शेखपुरा में मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

बारिश की कमी हो सकती है दूर

इस वर्ष मानसून की धीमी रफ्तार के कारण बिहार के कई जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अब तक वर्षा की कमी लगभग 55 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। हालांकि, नए मौसम तंत्र के सक्रिय होने से इस सप्ताह कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है, जिससे वर्षा की कमी कुछ हद तक कम हो सकती है।

क्यों बदला मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब और मजबूत होकर अवदाब में बदल चुका है। यह सिस्टम उत्तर ओडिशा तट की ओर बढ़ रहा है और आगे बढ़ते हुए मध्य भारत की दिशा में सक्रिय रहेगा। इसके प्रभाव से बिहार समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जो मौसम में बदलाव का एक और कारण माना जा रहा है।

0 comments:

Post a Comment