यूपी सरकार ने खोला पिटारा, इन जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के लाखों श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। योगी सरकार की कैबिनेट ने वाराणसी में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज तथा मुरादाबाद और गोरखपुर में 100-100 बेड के आधुनिक ईएसआईसी अस्पताल स्थापित करने के लिए भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

वाराणसी में बनेगा ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज

कैबिनेट के फैसले के अनुसार, वाराणसी की पिंडरा तहसील के ग्राम पिंडरा में मेडिकल कॉलेज के लिए करीब 13 एकड़ भूमि कर्मचारी राज्य बीमा निगम को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। यहां पहले से संचालित ईएसआईसी अस्पताल का विस्तार कर मेडिकल कॉलेज विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग ₹800 करोड़ की लागत आने का अनुमान है। यहां छात्रों को एमबीबीएस की पढ़ाई का नया अवसर मिलेगा, भविष्य में यहां नर्सिंग और पैरामेडिकल पाठ्यक्रम भी शुरू किए जा सकेंगे।

मुरादाबाद में बनेगा 100 बेड का आधुनिक अस्पताल

मुरादाबाद के हरथला गांव में 100 बेड वाले ईएसआईसी अस्पताल की स्थापना के लिए सरकारी भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। इस अस्पताल के शुरू होने से जिले के करीब 93,591 बीमित श्रमिकों और उनके 3.55 लाख से अधिक आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

गोरखपुर को मिली स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात

गोरखपुर के गीडा सेक्टर-9 में भी 100 बेड का आधुनिक ईएसआईसी अस्पताल स्थापित किया जाएगा। इसके लिए भूमि रियायती दर पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे परियोजना को तेजी से पूरा किया जा सके। अस्पताल बनने के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश के हजारों श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर इलाज की सुविधा अपने क्षेत्र में ही मिल सकेगी।

रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे

इन तीनों परियोजनाओं के शुरू होने से केवल स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार ही नहीं होगा, बल्कि डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ, तकनीकी कर्मचारियों और अन्य सहायक सेवाओं में भी बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। निर्माण कार्य के दौरान भी स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

0 comments:

Post a Comment