भारतीय अर्थव्यवस्था ने जापान को पछाड़ा, अब चौथे स्थान पर!

नई दिल्ली — भारत ने वैश्विक आर्थिक मंच पर एक और बड़ी छलांग लगाते हुए जापान को पछाड़ दिया है और अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। यह उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की ताज़ा रिपोर्ट के आंकड़ों पर आधारित है।

नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित 10वीं नीति आयोग गवर्निंग काउंसिल बैठक के बाद एक प्रेस वार्ता में इस ऐतिहासिक उपलब्धि की जानकारी दी। उन्होंने कहा, "जैसा कि मैं बोल रहा हूं, भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। हमारी अर्थव्यवस्था 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर को पार कर गई है। यह मेरा नहीं बल्कि IMF का डेटा है। भारत अब जापान से आगे निकल गया है।"

अब केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी हैं आगे

सुब्रह्मण्यम ने बताया कि भारत से आगे अब सिर्फ अमेरिका, चीन और जर्मनी ही हैं। अगर भारत की आर्थिक वृद्धि दर इसी गति से बनी रही, तो आने वाले 2 से 3 वर्षों में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भी बन सकता है। IMF की अप्रैल 2025 वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 में भारत की GDP करीब 4,187 अरब डॉलर होने का अनुमान है।

वहीं जापान की GDP उस समय 4,186 अरब डॉलर तक सीमित रहने की संभावना है। विकास दर में भी भारत सबसे आगे हैं, रिपोर्ट यह भी बताती है कि भारत की अर्थव्यवस्था 2025 और 2026 में क्रमशः 6.2% और 6.3% की दर से वृद्धि करेगी, जबकि वैश्विक अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 2025 में 2.8% और 2026 में 3% रहने की संभावना है।

क्या कहता है आर्थिक विश्लेषण?

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत की युवा आबादी, डिजिटलीकरण, बढ़ता हुआ विनिर्माण क्षेत्र, और नीतिगत सुधार इस तेज़ विकास के पीछे प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा भारत में बढ़ते विदेशी निवेश और इन्फ्रास्ट्रक्चर पर खर्च ने भी अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है।

0 comments:

Post a Comment