2025 के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, कुल सैन्य एयरक्राफ्ट की संख्या के आधार पर अमेरिका दुनिया में शीर्ष पर है, जबकि भारत ने चौथे पायदान पर जगह बनाकर अपनी ताक़त का लोहा मनवाया है। आइए जानते हैं दुनिया के टॉप 10 देशों के वायुशक्ति का हाल।
1 .अमेरिका
दुनिया की सबसे ताक़तवर वायुसेना अमेरिका के पास है। उसके पास कुल 14,486 सैन्य एयरक्राफ्ट हैं। इनमें वायुसेना के 5,057, सेना के 5,714, नौसेना के 2,438 और मरीन व अन्य इकाइयों के 1,277 विमान शामिल हैं। F-22 रैप्टर और F-35 जैसे स्टील्थ फाइटर जेट, B-2 बॉम्बर और विश्वभर में फैला ऑपरेशनल नेटवर्क अमेरिका को वायुशक्ति का बादशाह बनाते हैं।
2 .रूस
दूसरे स्थान पर रूस आता है, जिसके पास 4,211 सैन्य विमान हैं। इनमें से 3,908 वायुसेना के और 303 नौसेना के हिस्से में हैं। रूस की ताक़त SU-57 जैसे सुपरसोनिक फाइटर जेट, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम और भारी फायरपावर में दिखाई देती है। रणनीतिक अनुभव और तकनीक का मिश्रण रूस को वायुक्षेत्र में मजबूत बनाता है।
3 .चीन
तीसरे स्थान पर 3,304 एयरक्राफ्ट के साथ चीन है। इसमें वायुसेना के 2,010, सेना के 859 और नौसेना के 435 विमान शामिल हैं। J-20 स्टील्थ फाइटर और सैकड़ों ड्रोन चीन की उभरती तकनीकी शक्ति को दर्शाते हैं। चीन तेजी से अपनी एयरफोर्स को आधुनिक रूप दे रहा है।
4 .भारत
भारत चौथे स्थान पर है और उसके पास 2,296 सैन्य विमान हैं, जिनमें 1,776 वायुसेना, 267 थलसेना और 253 नौसेना के विमान हैं। भारतीय वायुसेना में सुखोई-30MKI, राफेल, मिग-29, तेजस और C-17 जैसे आधुनिक विमान शामिल हैं। स्वदेशी निर्माण, एयर डिफेंस सिस्टम और रणनीतिक क्षमता भारत को वैश्विक वायुशक्ति बना रही है।
5 .जापान
जापान के पास 1,459 एयरक्राफ्ट हैं – 750 वायुसेना, 410 सेना और 299 नौसेना के पास। तकनीकी दृष्टि से उन्नत जापान, अमेरिका के साथ सामरिक गठबंधन की वजह से और भी शक्तिशाली बन गया है। उसका फोकस हाईटेक रडार, इंटरसेप्टर जेट और डिफेंस इंटीग्रेशन पर है।
6 .पाकिस्तान
पाकिस्तान के पास 1,434 सैन्य विमान हैं। इसमें वायुसेना के 843, सेना के 547 और नौसेना के 44 विमान हैं। JF-17 थंडर जैसे फाइटर जेट चीन के साथ मिलकर विकसित किए गए हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद पाकिस्तान ने अपनी वायुशक्ति को संतुलित बनाए रखा है।
7 .दक्षिण कोरिया
दक्षिण कोरिया की वायुसेना के पास 1,171 एयरक्राफ्ट हैं। इनमें से 452 वायुसेना, 618 सेना और 72 नौसेना व 29 अन्य यूनिट्स में हैं। दक्षिण कोरिया का डिफेंस सिस्टम अमेरिका की मदद से अत्याधुनिक बना हुआ है। वह F-35 और स्वदेशी KF-21 जैसे फाइटर जेट्स पर काम कर रहा है।
8 .मिस्र
मिस्र के पास 1,080 सैन्य विमान हैं और ये सभी वायुसेना के अधीन हैं। यह अफ्रीका की सबसे बड़ी वायुसेना है। इसके पास अमेरिकी, रूसी और फ्रांसीसी तकनीक से लैस विमान हैं। हाल के वर्षों में मिस्र ने अपने सैन्य संसाधनों में काफी इज़ाफा किया है।
9 .तुर्की
तुर्की के पास 1,069 एयरक्राफ्ट हैं – जिनमें 615 वायुसेना, 406 थलसेना और 48 नौसेना के विमान हैं। NATO का महत्वपूर्ण सदस्य होने के कारण तुर्की को सैन्य सहायता और तकनीकी सहयोग मिलते हैं। वह अपने घरेलू ड्रोन और फाइटर जेट प्रोग्राम पर भी तेज़ी से काम कर रहा है।
10 .फ्रांस
दसवें स्थान पर फ्रांस है, जिसके पास 972 सैन्य विमान हैं। इनमें वायुसेना के 492, सेना के 314 और नौसेना के 166 विमान शामिल हैं। राफेल जेट, एयरबस टैंकर और परमाणु सक्षम विमानों की मौजूदगी फ्रांस की वायुसेना को यूरोप की सबसे सक्षम सेनाओं में शामिल करती है।
0 comments:
Post a Comment