विधायक खेल स्पर्धा: ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा मंच
राज्य सरकार ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में "विधायक खेल स्पर्धा" का आयोजन शुरू किया है। इस पहल में लगभग 1.5 लाख महिला खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना जताई गई है। यह प्रतियोगिता महिलाओं को न केवल खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर देगी, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाने और सामाजिक पहचान स्थापित करने में भी सहायक होगी।
पीआरडी महिला स्वयंसेविकाओं का प्रशिक्षण
महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार 200 महिला पीआरडी स्वयंसेविकाओं को आत्मरक्षा और दक्षता का विशेष प्रशिक्षण दे रही है। यह प्रशिक्षण उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक तो करेगा ही, साथ ही वे अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षित कर सकेंगी। यह पहल विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लिए अहम है, जहां महिलाओं को सामाजिक या भौतिक असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। प्रशिक्षित महिलाएं गांव-गांव जाकर मिशन शक्ति से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचा रही हैं।
महिला-युवक मंगल दलों का गठन
युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य की 57,695 ग्राम पंचायतों में 52,042 महिला मंगल दलों और 53,522 युवक मंगल दलों का गठन किया गया है। इन दलों ने खेल, स्वच्छता, नशा मुक्ति, रक्तदान, जल संरक्षण और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर प्रभावी जागरूकता अभियान चलाए हैं। विशेष रूप से महिला मंगल दलों ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लोगों को शिक्षित करने का कार्य किया है। इसके अतिरिक्त कन्या सुमंगला, मातृत्व लाभ योजना और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी महिला-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी इन दलों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाई जा रही है।
नारी सम्मान को मिल रही नई दिशा
मिशन शक्ति 5.0 के माध्यम से प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ठोस कदम उठा रही है। यह अभियान न केवल सरकारी योजनाओं का जमीनी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि समाज में महिलाओं की भूमिका को नए सिरे से परिभाषित भी कर रहा है। खेलों के माध्यम से आत्मविश्वास, आत्मरक्षा से सुरक्षा की भावना और सामाजिक नेतृत्व से समाज में भागीदारी, इन तीनों आधारों पर मिशन शक्ति 5.0 महिलाओं को एक सशक्त नागरिक बनने की राह पर अग्रसर कर रहा है।
0 comments:
Post a Comment