अभी कहा है मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों के दौरान मानसून दक्षिण और पूर्वी हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ सकता है। केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं उत्तर भारत के कई हिस्सों में गर्मी और बारिश दोनों का असर देखने को मिलेगा।
दिल्ली में लू और बूंदाबांदी साथ-साथ
राजधानी दिल्ली में अगले तीन दिनों तक भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है। दिन में तेज गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी, जबकि शाम के समय कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी है। 26 और 27 मई को भी गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना है।
यूपी में लू के बीच बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, मेरठ और गोरखपुर समेत कई शहरों में तेज गर्मी और धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 और 26 मई को भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि 25 से 29 मई के बीच कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है।
बिहार में उमस और बारिश का असर
बिहार में मौसम लगातार करवट ले रहा है। पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार और दरभंगा समेत कई जिलों में उमस भरी गर्मी के साथ बारिश का असर भी देखने को मिल सकता है। 25 से 28 मई के बीच कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। कुछ इलाकों में तेज आंधी भी चल सकती है।
देश के पहाड़ी राज्यों में भी बदलेगा मौसम
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना रह सकता है। देहरादून, नैनीताल, शिमला, कुल्लू और कांगड़ा जैसे इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
राजस्थान में गर्मी का कहर, हल्की बारिश भी
राजस्थान में गर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। जयपुर, जैसलमेर, बीकानेर और जोधपुर में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 25 से 30 मई तक लू का अलर्ट जारी किया है। हालांकि इस दौरान कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी और हल्की बारिश भी राहत दे सकती है।
झारखंड और पंजाब में भी गरज-चमक का अलर्ट
झारखंड में रांची, धनबाद और जमशेदपुर समेत कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। वहीं पंजाब में अगले कुछ दिनों तक भीषण लू जारी रहने का अनुमान है। 28 मई के बाद मौसम बदल सकता है और बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
जम्मू-कश्मीर में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
जम्मू-कश्मीर में 25 से 30 मई के बीच मौसम बदलने के संकेत हैं। श्रीनगर, जम्मू और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ हिस्सों में गर्मी का असर भी बना रह सकता है।।

0 comments:
Post a Comment