योगी सरकार का बड़ा कदम: अब कंट्रोल रूम से होगी थानों की लाइव मॉनिटरिंग

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए योगी सरकार लगातार नई तकनीकों का सहारा ले रही है। अब राज्य के सभी पुलिस थानों की गतिविधियों पर सीधे कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी। इसके लिए थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग हेतु सेंट्रल डैशबोर्ड तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को इस दिशा में तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं।

रविवार को आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और निगरानी बेहद जरूरी है। आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से कानून व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस की लोकेशन, मूवमेंट और संचार व्यवस्था की गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी प्रकार की तकनीकी सेंधमारी की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए।

आजमगढ़ और अलीगढ़ में बनेंगे नए रेडियो मुख्यालय

सरकार पुलिस रेडियो नेटवर्क को भी मजबूत करने की तैयारी में है। इसके तहत पूर्वी क्षेत्र का नया रेडियो मुख्यालय आजमगढ़ में और पश्चिमी क्षेत्र का मुख्यालय अलीगढ़ में स्थापित करने पर विचार किया जा रहा है। इन दोनों केंद्रों की कमान डीआईजी स्तर के अधिकारियों के पास होगी। इससे पुलिस संचार व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

एसपी लिखेंगे रेडियो कर्मियों की चरित्र पंजिका

बैठक में रेडियो विभाग से जुड़े कर्मचारियों की व्यवस्था में भी बदलाव पर चर्चा हुई। अब रेडियो कर्मियों की चरित्र पंजिका संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक यानी एसपी द्वारा सत्यापित की जाएगी। वर्तमान में यह काम रेडियो अधिकारी करते हैं। सरकार का मानना है कि इससे जवाबदेही और निगरानी दोनों मजबूत होंगी।

दूरस्थ क्षेत्रों तक मजबूत होगी संचार व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के दूरदराज इलाकों तक निर्बाध पुलिस संचार व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तेज और सुरक्षित संचार व्यवस्था पुलिस के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए वायरलेस सेटों को निष्प्रयोजन घोषित करने से पहले उनका तकनीकी परीक्षण अनिवार्य करने पर भी जोर दिया गया।

0 comments:

Post a Comment